spot_img

New Delhi : आईजीआई एयरपोर्ट से फल कारोबारी को किया अगवा

नई दिल्ली : आईजीआई एयरपोर्ट से एक फल कारोबारी को अगवा करने का मामला सामने आया है। एक आरोपित से कारोबारी की पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जान पहचान हुई थी। आरोपित ने दिल्ली घुमाने के बहाने उन्हें बुलाया और फिर उगाही के लिए उन्हें अगवा कर लिया। कारोबारी के परिवार वालों से लाखों रुपये उगाही करने के बाद बदमाश उन्हें बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने साजिश के तहत अगवा करने का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपित के मोबाइल नंबर और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित की पहचान बबलू यादव (33) के रूप में हुई है। उनका सिलीगुड़ी के सुपर मार्केट में सेब का थोक कारोबार है। पीड़ित ने बताया कि वह दिल्ली के आजादपुर फल मंडी से सेब खरीदकर सिलीगुड़ी में बेचते थे। हरियाणा निवासी अजय कुछ माह पहले अपने दोस्तों के साथ गंगटोक घूमने गया था। सिलीगुड़ी में उनकी मुलाकात हुई थी। फिर दोनों ने एक दूसरे का मोबाइल नंबर लिया।

अजय उन्हें दिल्ली आने सैर करवाने की बात कही। 13 सितंबर को अजय ने उन्हें व्हाट्सएप फोन किया और दिल्ली आने को कहा। उन्हें भी सेब खरीदने के लिए दिल्ली आना था, इसलिए वह 20 सितंबर को दिल्ली आ गए। वह इंडिगो के विमान से टर्मिनल दो पर पहुंचा। जहां अजय ने एक टैक्सी भेजी थी। बबलू टैक्सी पर बैठ गया। चालक ने उसे उस जगह पर उतारा, जहां अजय स्कूटी लेकर मौजूद था। अजय कारोबारी को लेकर एक कमरे में पहुंचा। यहां अजय का एक साथी मौजूद थे। दोनों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और मोबाइल छीन लिया।

अगले दिन बदमाशों ने उसे एक कार में जबरन बिठाया और उनकी आंखों पर पट्टी बांध दिया। आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और परिवार वालों से पैसे की मांग करने लगे। पैसे नहीं देने पर कारोबारी की हत्या की धमकी दी। फोन कर आरोपित, परिवार वालों से ऑनलाइन पैसे मंगाते रहे। परिवार वालों ने करीब तीन लाख रुपये दिए। उसके बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। बाद में बदमाश 22 सितंबर की रात बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Explore our articles