spot_img
Home Latehar New Delhi : देवेन्द्र यादव ने संभाली दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी

New Delhi : देवेन्द्र यादव ने संभाली दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी

0
372

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने अरविंदर सिंह लवली का स्थान लिया है। लवली ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

पदभार ग्रहण करने के बाद यादव ने दावा किया कि आईएनडीआईए दिल्ली में सभी सातों सीटों पर जीतेगा। वे दिल्ली में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। यादव के कार्यभार ग्रहण करने के कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी भी मौजूद थे।

लवली के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने पंजाब के प्रभारी देवेन्द्र यादव को दिल्ली प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि लवली ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन, पार्टी के दो लोकसभा उम्मीदवारों और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के व्यवहार से नाराजगी जताते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा पार्टी ने उसी दिन स्वीकार भी कर लिया था।

दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन कर चुनाव लड़ रही हैं। देवेन्द्र यादव साल 2008 से 2013 तक बादली विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। वह कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के भी सदस्य हैं।