नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्र सरकार संविधान दिवस (26 नवंबर) पर यहां संविधान सदन (Central Government will organize a national function on Constitution Day (November 26)) के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय समारोह आयोजित करेगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपरा को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए तमाम कार्यक्रम होंगे। इसमें पंचायत से लेकर संसद तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
संसदीय कार्य मंत्रालय के अनुसार, समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Draupadi Murmu) करेंगी। उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री तथा संसद के दोनों सदनों के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत लोकसभा अध्यक्ष और उपराष्ट्रपति के संबोधन से होगी, जिसके बाद राष्ट्रपति मुर्मु उद्बोधन देंगी।
समारोह के दौरान संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विधायी विभाग द्वारा तैयार संविधान के नौ भाषाई डिजिटल संस्करण- मलयालम, मराठी, नेपाली, पंजाबी, बोडो, कश्मीरी, तेलुगु, ओडिया और असमिया में लॉन्च किए जाएंगे। संस्कृति मंत्रालय द्वारा तैयार स्मरणिका “भारत की संविधान से कला और कैलीग्राफी” (हिंदी संस्करण) भी जारी की जाएगी। कार्यक्रम में राष्ट्रपति की अगुवाई में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा।
देशभर में सभी मंत्रालय, विभाग, राज्य और केंद्रशासित प्रदेश सरकारें तथा स्थानीय निकाय संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके अलावा हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान विषय पर राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज, ब्लॉग और निबंध प्रतियोगिताएं, सम्मेलन, सेमिनार, वाद-विवाद, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।



