
नई दिल्ली : (New Delhi) भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (National Rifle Association of India) (एनआरएआई) ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 (ISSF Junior World Championship) में भारतीय निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई है। जर्मनी के सुहल में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत ने 7 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। लगातार दूसरी बार भारत ने इस विश्व चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है।
भारत के अभियान की शुरुआत सेजल कांबले (Sejal Kamble) ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर की। इसी स्पर्धा में हिमांशी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद सेजल कांबले, वंशिका चौधरी और नव्या बिश्नोई (Sejal Kamble, Vanshika Chaudhary, and Navya Bishnoi) की टीम ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की बढ़त मजबूत की।
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में समीर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रोहित कन्यन (Rohit Kanyan) ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में प्राची गायकवाड़ (Prachi Gaikwad) ने रजत पदक जीता। इसके अलावा भारत ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष टीम और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किए।
10 मीटर एयर राइफल जूनियर महिला वर्ग में अन्वी राठौड़ ने कांस्य पदक जीता, जबकि प्रीतम केंद्रे ने जूनियर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत ने 25 मीटर पिस्टल जूनियर महिला टीम और जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीते। 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में शिवा नरवाल ने रजत और युग प्रताप सिंह राठौर (Shiva Narwal won silver and Yug Pratap Singh Rathore) ने कांस्य पदक हासिल किया। शिवा नरवाल ने संदीप बिश्नोई और चिराग शर्मा के साथ टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। इसके बाद शिवा नरवाल और वंशिका चौधरी की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी रजत पदक दिलाया।
चैंपियनशिप के अंतिम चरण में भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अभिनव देशवाल ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि शांभवी श्रवण क्षीरसागर और अभिनव शॉ (Shambhavi Shravan Kshirsagar and Abhinav Shaw) ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जूनियर पुरुष टीम ने रजत पदक जीता।
महिला वर्ग की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में शौर्या दिलीप भारणे (Shaurya Dilip Bharne) ने रजत और रिया दुग्गल ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन राज चंद्रा ने 50 मीटर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीता, जबकि योगेश कुमार, प्रतीक और अभिनव चौधरी (Yogesh Kumar, Prateek, and Abhinav Chaudhary) की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ऐश्वर्या रविचंद्र बालेहोसुर ने रजत पदक जीतकर भारत की पदक संख्या 24 तक पहुंचाई और टीम को पदक तालिका में शीर्ष स्थान दिलाया।
एनआरएआई अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव (Kalikesh Narayan Singh) ने कहा कि लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियनशिप में पदक तालिका में शीर्ष पर रहना भारतीय निशानेबाजी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल कुछ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि देश में तैयार हो रही मजबूत प्रतिभाओं और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का परिणाम है।
एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह (NRAI Secretary General Pawan Kumar Singh) ने कहा कि सुहल जैसी कठिन परिस्थितियों में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन भारतीय निशानेबाजी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य इन खिलाड़ियों को वरिष्ठ स्तर पर भी इसी तरह सफलता दिलाना है।





