spot_img
Home crime news New Delhi : नंद नगरी में चोरी का आरोप लगाकर युवक की...

New Delhi : नंद नगरी में चोरी का आरोप लगाकर युवक की पीट कर हत्या

0
265

नई दिल्ली: (New Delhi) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में 26 साल के ईसार नामक युवक की खंभे से बांध कर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक ईसार बीती शाम करीब 7.30 बजे घायल हालत में घर आया और परिवार वालों को बताया कि उसके ऊपर चोरी का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह से पीटा है। देर रात दर्द ज्यादा होने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिवार वाले ईसार को घर ले आए लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। ईसार के पिता ने देर रात पीसीआर को कॉल कर बेटे की हत्या करने की बात कहीं।

पिटाई का वीडियो वायरल

युवक की पिटाई का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया है। जो वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिख रहा है कि ईसार को कुछ लोग बिजली के पोल से बांधकर लाठी-डंडों से पीट रहे हैं। वीडियो मानवता को शर्मसार करने वाला है। मारपीट के दौरान ईसार पिटाई करने वालों से जान की भीख मांगता रहा लेकिन लोग उस पर लाठियां बरसाते रहे।

डीसीपी डॉक्टर जॉय तिर्की ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

अलग-अलग समुदाय के बीच विवाद की आशंका

युवक की निर्मम हत्या से इलाके में तनाव का माहौल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। दो अलग-अलग समुदाय के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है।