नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली की वेलकम स्थित जनता कॉलोनी में रविवार देररात मामूली कहासुनी में एक नाबालिग लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त मयंक (16) के रूप में हुई है। मोबाइल पर वीडियो देखने को लेकर मयंक का एक और नाबालिग से झगड़ा हुआ था। आरोपित ने चाकू से मयंक के पेट में आठ से 10 वारकर उसकी जान ले ली।
पुलिस ने जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित 16 वर्षीय नाबालिग को दबोच लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। सोमवार को पुलिस ने जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर मयंक का शव परिवार के हवाले कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मयंक परिवार के साथ वेलकम स्थित जनता कालोनी में रहता था। मयंक घर का खर्चा चलाने के लिए एरिया में एक सिलाई की फैक्टरी में काम करता था। इसके पिता मजदूरी करते हैं। दोनों पिता-पुत्र की कमाई से घर का खर्चा चल रहा था।
पुलिस को दिए बयान में मयंक के परिजनों ने बताया कि उनके घर में पानी का कनेक्शन नहीं है। यह लोग गली में लगे सरकारी नल से पानी भरते हैं। घर में पानी भरने का काम मयंक का था। अक्सर मयंक काम से घर आकर देर रात को पानी भरने जाता था। रविवार को वह पानी भरने के दौरान अपनी मां का मोबाइल अपने साथ ले गया था।
पानी भरने के दौरान मयंक अपने एक दोस्त के साथ मोबाइल पर वीडियो देख रहा था। इस बीच एरिया का रहने वाला एक नाबालिग लड़का वहां पहुंचा। वीडियो देखने को लेकर मयंक की उससे कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बात पर आरोपित ने जेब से चाकू निकालकर मयंक पर हमला शुरू कर दिया।


