मुंबई : (Mumbai) टी-20 मुंबई लीग के बहुप्रतीक्षित तीसरे संस्करण में सोबो मुंबई फाल्कन्स (SoBo Mumbai Falcons) ने दमदार एंट्री कर ली है। क्रिकेट के प्रति जुनून और विजन के साथ यह फ्रेंचाइज़ी न केवल अपने पहले सीज़न में शानदार प्रदर्शन करना चाहती है, बल्कि मुंबई क्रिकेट की समृद्ध परंपरा को आगे भी बढ़ाना चाहती है। टीम की शुरुआत को और खास बनाते हुए भारतीय दिग्गज खिलाड़ी कपिल देव (Indian legend Kapil Dev) को फ्रेंचाइज़ी का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। वह अपने अनुभव और मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगे।
सोबो मुंबई फाल्कन्स, जो दक्षिण मुंबई की सांस्कृतिक आत्मा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रतिनिधित्व करती है, इस सीज़न में पहली बार मैदान में उतर रही है। 26 मई से 8 जून तक मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों में यह टीम नई ऊर्जा और कड़ी प्रतिस्पर्धा लेकर आएगी।
टी-20 मुंबई लीग का यह तीसरा संस्करण भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार रोहित शर्मा (Indian cricket superstar Rohit Sharma) के चेहरे के रूप में और भी खास बन गया है। वहीं, मुंबई फाल्कन्स की ओर से श्रेयस अय्यर को आइकन प्लेयर बनाया गया है, जिससे टीम को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
मुंबई फाल्कन्स के मालिक अमीत एच. गढोके (Mumbai Falcons owner Amit H. Gadhoke) ने कहा, “हम मुंबई फाल्कन्स को टी20 मुंबई लीग में पेश करते हुए बेहद उत्साहित हैं। यह फ्रेंचाइज़ी दक्षिण मुंबई की ऊर्जा, जुनून और संकल्प की प्रतीक है। हमारा लक्ष्य एक ऐसी टीम बनाना है जो न सिर्फ शीर्ष स्तर पर मुकाबला करे, बल्कि उभरती प्रतिभाओं को भी प्रेरित और प्रोत्साहित करे। फाल्कन्स मुंबई क्रिकेट के गर्व, प्रदर्शन और आत्मा का प्रतीक बनेगी।”
टी20 मुंबई लीग 2025 में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जो 20 मुकाबले खेलेंगी। हर टीम लीग स्टेज में 5 मैच खेलेगी। मुंबई फाल्कन्स की एंट्री से इस सीज़न में नई प्रतिद्वंद्विता, रोमांच और मुंबई क्रिकेट की खास ऊर्जा देखने को मिलेगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।


