मुंबई : (Mumbai) नासिक जिले के अंबड पुलिस स्टेशन में पुलिस उपनिरीक्षक अशोक नाजन (Police sub-inspector Ashok Najan) (34) ने मंगलवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना स्थल से कोई नोट बरामद नहीं हुआ और न ही आत्महत्या कारण स्पष्ट हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अशोक नाजन मंगलवार को सुबह अंबड पुलिस स्टेशन पहुंचे और अपने सहकर्मियों के साथ अच्छे माहौल में बात की। इसके बाद सुबह करीब दस बजे वह अपने केबिन में चले गए और फिर उन्होंने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। कुछ देर बाद एक पुलिसकर्मी उनसे किसी कागजात पर साइन करवाने के लिए अशोक नाजन के केबिन में गया तो देखा कि अशोक नाजन का खून में लथपथ शव पड़ा था। इस घटना के बाद पुलिस ने अशोक नाजन का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस की टीम इस मामले में अशोक नाजन के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है।


