spot_img

Mumbai : मुंबई में आतंकवादियों के मौजूद होने की झूठी कॉल करने वाला शख्स गिरफ्तार

मुंबई : (Mumbai) मुंबई में आतंकवादियों की मौजूदगी का फर्जी काल करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी काल करने वाले शख्स की पहचान किशोर लक्ष्मण ननावरे (Kishore Laxman Nanavare) (31 वर्ष) के रूप में की गई है। मुंबई पुलिस की टीम इस मामले में आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार पंद्रह साल पहले 26/11 को हुए मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान शहीद हुए सैन्य-पुलिस कर्मियों को रविवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात शख्स ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रुम (Mumbai Police control room) में फोन कर कहा कि तीन आतंकवादी शहर में घुस आए हैं। इन तीनों के पास बैग हैं और उनकी भाषा समझ में नहीं आ रही है। तीनों मुंबई में आतंकी हमले की तैयारी करते लग रहे हैं। इसके बाद अज्ञात शख्स ने फोन काट दिया था।

इसके बाद पुलिस ने इस खबर को गोपनीय रखते हुए महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी और फोन करने वाले की तलाश शुरू की। रविवार को देर रात पुलिस ने अज्ञात फोन करने वाले को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बताया कि उसने शराब के नशे में यह जानकारी पुलिस को दी थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

Explore our articles