spot_img

Mumbai : कैबिनेट का फैसला मान्य नहीं, सरकार तत्काल विशेष सत्र बुलाए : मनोज जारांगे पाटिल

मुंबई : मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने मंगलवार शाम को कहा कि उन्हें आज कैबिनेट में लिया गया निर्णय मान्य नहीं है। राज्य सरकार को तत्काल विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाकर सदन में मराठा समाज को आरक्षण की घोषणा करें।

मनोज जारांगे ने कहा कि अगर सरकार ने बुधवार तक ऐसा निर्णय नहीं लिया, तो गुरुवार से पानी पीना भी छोड़ देंगे। मनोज जारांगे ने मराठा आंदोलनकारियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेश का भी मखौल उड़ाया है। उन्होंने कहा कि मराठा समाज को कमजोर समझने की गलती फडणवीस न करें।

मनोज जारांगे ने पत्रकारों से काह कि बीड़ में पुलिस के बल पर मराठा आंदोलन कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। बीड़ में आज शाम को इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। धारा 144 का कठोरता से पालन किया जा रहा है। मनोज जारांगे पाटिल ने बीड़ जिले की जिलाधिकारी पर जातिवाद के आधार पर काम करने का आरोप भी लगाया है। जारांगे ने कहा कि उनका आंदोलन पहले से चल रहा है और सरकार ने धारा 144 बाद में लगाया है। बीड़ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ज्यादती की, तो वे खुद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आकर आंदोलन करेंगे।

मनोज जारांगे पाटिल ने कहा कि सरकार ने आज जो कैबिनेट में निर्णय लिया है, उससे मराठा समाज को कोई लाभ नहीं होगा। सिर्फ आधा अधूरा आरक्षण नहीं, हमें पूरा आरक्षण चाहिए। साथ ही जो जनप्रतिनिधि मराठा आरक्षण के समर्थन में अपना इस्तीफा दे रहे हैं, उन्हें मनोज जारांगे पाटिल ने इस्तीफा देने के बजाय आरक्षण के लिए काम करने की मांग की है। मनोज जारांगे ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि महाराष्ट्र में शांति रहे, इसी वजह से सब उल्टा काम कर रही है।

Explore our articles