Home business-mr BUSINESS Lucknow : अगस्त में उप्र परिवहन निगम को हुई एक अरब से...

Lucknow : अगस्त में उप्र परिवहन निगम को हुई एक अरब से अधिक की आय

0
301

लखनऊ : उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) को बसों के संचालन से अगस्त माह में एक अरब दो करोड़ 38 लाख 78 हजार 430 रुपये की आय हुई है। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह का कहना है कि योगी सरकार एक तरफ जहां यात्रियों की सुरक्षित यात्रा को लेकर पूरी तरह संजीदा है, वहीं परिवहन निगम की विशेष सुविधाओं पर भी पूरी नजर रखी है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि यूपीएसआरटीसी द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा आठ राज्यों एवं नेपाल के बीच अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय बस सेवा का संचालन भी किया जाता है। इसमें दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं नेपाल शामिल है। कुल 2326 बसों का संचालन किया जाता है। इन बसों के संचालन से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को अगस्त माह में एक अरब दो करोड़ 38 लाख 78 हजार 430 रुपये की आय को हुई है।

यात्रियों की सुविधा पर पूरा ध्यान

दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रदेश में अन्य राज्यों से यात्री धार्मिक एवं व्यक्तिगत कार्यों से आते रहते हैं। साथ ही प्रदेश के निवासी भी अन्य राज्यों में धार्मिक एवं व्यक्तिगत कार्यों से जाते रहते हैं। अपने देश एवं प्रदेश के यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा प्रदेश के अंदर और प्रदेश से लगे राज्यों के मध्य बसों का संचालन किया जाता है, जिससे यात्रियों को आवागमन में असुविधा न हो। इन राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का अनुबंध है।

प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए राजधानी से जल्द चलेंगी कई अन्य बसें

परिवहन मंत्री के मुताबिक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा प्रदेश की सीमा से लगे अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए बसों के संचालन के क्षेत्र में कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए राजधानी से बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। साथ ही प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थलों को भी प्रदेश की सीमा से लगे अन्य राज्यों के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे कि लोग इन धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन स्थलों पर जाकर वहां धार्मिक व व्यक्तिगत कार्यों के साथ ही पर्यटन का भी लुफ्त उठा सकें।