spot_img

London : ब्रिटेन में आम चुनाव के लिए हो रही वोटिंग, सुबह पता चलेगा किसकी सरकार

लंदन : ब्रिटेन में आज आम चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस बार चुनाव में मौजूदा प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी और 61 वर्षीय कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी में सीधा मुकाबला है। सर्वेक्षणों में दावा किया गया है कि लेबर पार्टी 14 साल के शासन के बाद कंजर्वेटिव पार्टी को सत्ता से हटा सकती है। ऋषि सुनक की जगह कीर स्टार्मर नए प्रधानमंत्री हो सकते हैं।

मतदान खत्म होते ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। मतदान सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 11ः30 बजे) शुरू हुआ है। लोग रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार 2ः30 बजे) तक मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। करीब 50 मिलियन (पांच करोड़) लोग मतदाता हैं। एग्जिट पोल रात 10 बजे (भारत के 2ः30 बजे) मतदान समाप्त होते ही शुरू हो जाएगा।

द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार एग्जिट पोल ब्रिटिश राजनीतिक वैज्ञानिक जॉन कर्टिस और सांख्यिकीविद् डेविड फर्थ के बनाए मॉडल से होगा। इसका इस्तेमाल 2005 से चुनाव कवरेज के लिए किया जा रहा है। इसमें 130 मतदान केंद्रों को कवर किया जाता है। इन पर मतदाताओं को मॉक बैलेट दिया जाता है। इन एग्जिट पोल्स का ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और ये अंतिम नतीजों के काफी नजदीक रहते हैं।

नए गठित निर्वाचन क्षेत्र बेलीथ और एशिंगटन के नतीजे 11ः30 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 4 बजे) आने की उम्मीद है। उत्तर-पूर्व इंग्लैंड के हॉटन और सुंदरलैंड में भी इसी समय के आसपास नतीजे आ जाने की उम्मीद है। शुक्रवार लगभग 1 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5ः30 बजे), स्कॉटलैंड के शुरुआती नतीजे आने लगेंगे। इसके बाद रात दो बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 6ः30 बजे) तक तेज गति से नतीजे आने लगेंगे। भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजे तक साफ हो जाएगा कि कौन सी पार्टी अगली सरकार बनाएगी। ब्रिटेन में बहुमत के लिए 650 संसदीय सीटों में से 326 सीटें जीतने की जरूरत होती है।

ब्रिटेन में 300 से ज्यादा पंजीकृत दल हैं। चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में लेबर पार्टी की जीत का अनुमान लगाया गया है। अगर यह दावा सही साबित हुआ तो ऋषि सुनक का 18 महीने का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा और ब्रिटेन में 14 साल बाद कंजर्वेटिव पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी। लेबर पार्टी के सत्ता में आने पर अध्यक्ष कीर स्टार्मर का प्रधानमंत्री बनना तय है। कीर को 2020 में लेबर पार्टी की कमान सौंपी गई थी।

Khagaria : बिहार के खगड़िया जिले में वज्रपात से 5 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से झुलसे

खगड़िया : (Khagaria) बिहार में खगड़िया जिले के चौथम और बेलदौर प्रखंड (Chautham and Beldaur blocks of Khagaria district in Bihar) में वज्रपात (आकाशीय...

Explore our articles