
खगड़िया : (Khagaria) बिहार में खगड़िया जिले के चौथम और बेलदौर प्रखंड (Chautham and Beldaur blocks of Khagaria district in Bihar) में वज्रपात (आकाशीय बिजली) से कुल पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस के मुताबिक पौरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बहियार स्थित दुखहरण बाबा स्थान के समीप गुरुवार सुबह खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक आसमानी बिजली गिरने से कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, उनके पुत्र 26 वर्षीय आशुतोष यादव और 10 वर्षीय पौत्र अंकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में विमल यादव और सुशील कुमार समेत चार लोग झुलस गए।
दो घायलों का इलाज चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ अनिल कुमार ने बताया, “दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।” पौरा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा, “सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
खगड़िया जिले के ही इतमादी सरस्वती नगर वार्ड संख्या-7 स्थित लबघड़िया गांव में एक ही परिवार के पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौत हो गई, जबकि शंभू शर्मा, बेलो शर्मा, रुक्मणी देवी और रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें रेखा देवी की हालत नाजुक बताई जा रही है। बलैठा पंचायत के नागपुर गांव में 18 वर्षीय मणि लाल कुमार की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
बेलदौर अंचलाधिकारी अमित कुमार ने दोनों घटनाओं में मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।


