spot_img

Kolkata: बंगाल में शुरू हुई भीषण गर्मी, तापमान 38 डिग्री के करीब

कोलकाता:(Kolkata) महानगर कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्से में भीषण गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग (Meteorological Department) के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी बयान में बताया गया है कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है जबकि अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा सहित राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 28 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जिसकी वजह से गर्मी बढ़ गई है। आसमान में बादल छाए होने की वजह से गर्म हवाएं भी ऊपर नहीं उठ पा रही हैं जिसके कारण उमस भरी गर्मी लग रही है और लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं।
उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग में हालांकि हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है जिसकी वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। पूरे हफ्ते इसी तरह का मौसम रहने वाला है। तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

Explore our articles