spot_img
Home crime news Khargone : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी का...

Khargone : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी का वीडियो आने के संबंध में मामला दर्ज

0
282
Khargone: Case registered in connection with video of alleged pro-Pakistan sloganeering during 'Bharat Jodo Yatra'

खरगोन: (Khargone) मध्य प्रदेश पुलिस ने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए जाने से संबंधित एक वीडियो के संबंध में मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह एक फर्जी वीडियो है, जिसके माध्यम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राहुल गांधी के नेतृत्व वाली इस पदयात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया है कि विपक्षी दल ने इस वीडियो क्लिप को उस समय डिलीट कर दिया, जब इसमें पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए जाने की बात सामने आई।

खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने कहा कि पाकिस्तान समर्थित नारे लगाने से संबंधित कथित वीडियो के मामले में सनावद पुलिस थाने में शनिवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153(बी) (राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले लांछन, प्राख्यान) और 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती।इस बीच, कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी के के मिश्रा ने एक बयान जारी कर दावा किया कि यह वीडियो सच्चा नहीं है और इसकी सामग्री के साथ छेड़छाड़ की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सफलता से डरी हुई है। पार्टी ने एक फर्जी वीडियो का इस्तेमाल कर इस यात्रा को बदनाम करने का घिनौना प्रयास किया है।’’मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे, जिन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर यह फर्जी वीडियो साझा किया था।दूसरी ओर, मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि वीडियो को 25 नवंबर को सुबह 8.52 बजे प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से साझा किया गया था और बाद में इसमें पाकिस्तान समर्थिक नारा सुनाई देने के बाद इसे हटा दिया गया।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘जब वीडियो में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं थी तो कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से उस ट्वीट को क्यों हटा दिया। यह कांग्रेस के दोहरे मानदंड को दर्शाता है।’’इससे पहले, छत्तीसगढ़ पुलिस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए जाने का फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। छत्तीसगढ़ पुलिस ने कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के एक सदस्य की शिकायत पर यह कार्रवाई की थी।

गौरतलब है कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर सामने आए 21 सेकंड के इस विवादित वीडियो में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को पैदल चलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए जाने की आवाज सुनाई दे रही है।यह वीडियो 25 नवंबर की सुबह का बताया जा रहा है, जब ‘भारत जोड़ो यात्रा’ खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र स्थित भानभरड गांव से गुजर रही थी। वर्तमान में यह यात्रा मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में प्रवेश कर चुकी है।