spot_img
Home crime news Kathua : सांबा के बाद कठुआ में भी अमरनाथ यात्रियों के 64...

Kathua : सांबा के बाद कठुआ में भी अमरनाथ यात्रियों के 64 पंजीकरण फर्जी निकले

0
185

पुलिस जांच में जुटी, एजेंट ने पंजीकरण के लिए 1500 प्रति यात्री वसूले
कठुआ: (Kathua)
अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले ही फर्जी पंजीकरण के कई मामले सामने आए हैं। गुरुवार को सांबा पुलिस ने 69 यात्रियों के फर्जी पंजीकरण पकड़े थे, जिसके बाद अब कठुआ में भी 64 यात्रियों के फर्जी पंजीकरण के मामले सामने आए है। दोनों जिलों में अब तक कुल 133 लोगों के पंजीकरण फर्जी पाए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में शुक्रवार की सुबह 19 यात्रियों का जत्था पहुंचा। पुलिस ने जब उनके पंजीकरण की जांच की, तो वो सभी फर्जी पाए गए। इसके बाद 45 यात्रियों का एक और जत्था लखनपुर पहुंचा। इनके पंजीकरण भी फर्जी पाए गए। कठुआ में अब तक 64 श्रद्धालुओं के पंजीकरण फर्जी पाए गए हैं। सभी तीर्थ यात्री दिल्ली के रहने वाले हैं और सभी ने दिल्ली से ही पंजीकरण करवाया था। इस मामले की सूचना काॅरिडोर में तैनात कर्मचारियों ने कठुआ पुलिस को दी, जिसके बाद एसएसपी कठुआ के साथ अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यात्रियों ने बताया कि सभी दिल्ली से हैं और एजेंट ने प्रति यात्री आठ हजार रुपये लिए थे, जिसमें उन्हें माता वैष्णो देवी और बाबा अमरनाथ यात्रा के दर्शन करवाने का वादा किया गया था। इन यात्रियों का कहना है कि बम-बम भोले के नारे लगाते हुए बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए बड़े उत्साह पूर्वक घर से निकले थे, लेकिन अब मन उदास हो गया है। उन्होंने यूटी प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ऐसे एजेंटों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए आगे रवाना किया जाए।

इससे पहले सांबा में भी गुरुवार को 69 यात्रियों के पंजीकरण फर्जी निकले थे। दोनों जिलों में अब तक कुल 133 लोगों के फर्जी पंजीकरण पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने फर्जी पंजीकरण वाले सभी यात्रियों को लखनपुर में ठहराया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट चुकी है। कठुआ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा का पंजीकरण सिर्फ सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंसियों से ही करवाएं।