spot_img

Jodhpur : भारतमाला हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा ऊंटों का काफिला, नौ की मौत

जोधपुर : (Jodhpur) फलोदी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 ऊंटों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भारतमाला हाईवे (गुजरात-पंजाब मार्ग) पर भोजासर क्षेत्र के लक्ष्मण नगर स्थित टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ऊंटों के काफिले को रौंदता हुआ निकल गया।

भोजासर थानाधिकारी अशोक कुमार विश्नोई (Bhojasar police station officer Ashok Kumar Vishnoi) ने बताया कि देर रात सड़क पार कर रहे ऊंटों के झुंड को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिखरे ऊंटों के शव देखे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारतमाला परियोजना के शुरू होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की गति बेकाबू हो गई है। उन्होंने मार्ग पर पशु चेतावनी संकेतक लगाने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की। सूचना पर सुबह 9 बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर घायल ऊंटों का उपचार शुरू किया गया। थानाधिकारी अशोक कुमार ने लोगों की समझाइश कर जाम खुलवाया गया। इसके बाद घायल ऊंटों को हाईवे से हटाया गया और यातायात सुचारु किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Explore our articles