spot_img

Jalaun: उरई रेलवे स्टेशन को मिलेगी प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की सौगात

जालौन:(Jalaun) उरई रेलवे स्टेशन पर जन औषधि केंद्र खुलने जा रहा है। रेलवे का ये कदम उन यात्रियों के लिए एक वरदान साबित हो सकता है जो यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधित समस्या होने पर परेशान होते हैं। रेलवे की इस पहल से ट्रेन यात्रियों को स्टेशन पर दवाओं के उपलब्धतता की सहूलियत तो मिलेगी ही, साथ ही उन्हें उन दवाओं के लिए पैसे भी कम खर्चने पड़ेंगे, जिसके लिए बाहर बहुत ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं।

सरकार के इस फैसले से ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सस्ती और सुलभ जेनेरिक दवा मिलने लगेगी। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने के लिए उरई स्टेशन पर जमीन का चयन किया जा रहा है और जल्द इसे स्वीकृति मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के निर्देश पर रेल मंत्रालय द्वारा 50 स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इन औषधि केंद्रों पर रेल यात्री को बहुत कम मूल्य पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिसके लिए उन्हें स्टेशन के बाहर जाना पड़ेगा। इन औषधि केंद्रों का निर्माण रेलवे द्वारा 100-120 वर्ग फुट के चिन्ह्ति स्थानों पर ऐसी जगह किया जाएगा, जहां यात्री आसानी से पहुंच सकें। इसके लिए ई-नीलामी के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किया जाएगा।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि औषधि केंद्र के संचालन के लिए आवेदकों को फार्मा डिप्लोमा, डिग्री धारक होना आवश्यक होगा। या उनके पास फार्मा में डिप्लोमा होना चाहिए। इस केंद्र को चलाने के लिए आवंटी को तीन वर्ष का लाइसेंस दिया जाएगा।

Explore our articles