जयपुर: (Jaipur) मौसम में पिछले 5 दिनों से बदलाव के चलते मई के शुरुआती दो दिन बड़ी राहत में बीते। हालांकि सामान्य तौर पर अप्रैल और मई में तापमान 45 डिग्री के आस-पास रहता है और दिन और रात में लू के थपेड़े झेलने पड़ते है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार आने के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी के सीजन में बरसात का लुत्फ मिल रहा है। कई शहरों में बीते दो दिनों में डेढ़ से 2 इंच तक बरसात हुई है। इस कारण दिन का तापमान सामान्य से 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक मौसम की ये स्थिति अभी अगले 3 दिन और बनी रह सकती है।
राजधानी जयपुर समेत प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण तंत्र की सक्रियता के कारण हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को अजमेर, जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि 8 मई से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। साथ ही अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक मंगलवार को 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, कोटा, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, पाली, श्रीगंगानगर शामिल हैं। प्रदेश में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 2 मई से सक्रिय हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी-बारिश की गतिविधियों में 2 से 3 मई को बढ़ोतरी होगी। आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान औसत से तीन से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जाएगा।
राज्य में बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर समेत उत्तर राजस्थान के कई हिस्सों में मंगलवार की सुबह धुंध छाई रही। इससे पहले पिलानी, चूरू, सीकर, अजमेर समेत कई जिलों में बीती देर शाम तेज बारिश हुई। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में तेज हवा के साथ तूफानी बारिश हुई। शहरों-गांवों में बारिश के कारण जगह-जगह सड़कों और छोटे बरसाती नालों में पानी बहा। राज्य के कई शहरों में हुई तेज बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। अलवर, जयपुर, पिलानी और सिरोही में कल अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा, जो नंवबर-दिसंबर के महीने में रहता है। सबसे ठंडा दिन कल अलवर में रहा, यहां दिन का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो यहां के सामान्य तापमान से 14 डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजस्थान में मौसम का ये दौर अभी थमने की उम्मीद कम है। क्योंकि आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी तीव्रता ज्यादा है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब-हरियाणा पर बना हुआ है, जिसके असर से एक ट्रफ लाइन यहां से गुजर रही है। इस सिस्टम के असर से राजस्थान के उत्तरी हिस्सों गंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
गुजरे 24 घंटों में दूदू (जयपुर) में 22, पावटा (जयपुर) में 29, विराटनगर (जयपुर) में 16, शाहबाद (बारां) में 12, महुवा (दौसा) में 10, पिलानी (झुंझुनूं) में 43, अजमेर शहर में 37.5, नोहर (हनुमानगढ़) में 25, पल्लू (हनुमानगढ़) में 15, डीडवाना (नागौर) में 45, मकराना (नागौर) में 10, सांजू (नागौर) में 39, राजगढ़ (अलवर) में 11, रामगढ़ शेखावाटी (सीकर) में 28, सीकर शहर में 37, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) में 17, धौद (सीकर) में 33, करेडा (भीलवाड़ा) में 20, आसींद (भीलवाड़ा) में 16 और रायपुर (भीलवाड़ा) में 10 मिमी बारिश मापी गई। प्रदेश के अजमेर में 30 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 31, वनस्थली में 35.3, अलवर में 26.5, जयपुर में 29.8, पिलानी में 28.8, सीकर में 31, कोटा में 30.6, बूंदी में 32.4, चित्तौड़गढ़ में 32.8, डबोक में 30.2, बाड़मेर में 33.7, पाली में 34, जैसलमेर में 33.6, जोधपुर में 32.8, फलोदी में 30.8, बीकानेर में 32.2, चूरू में 31.8, श्रीगंगानगर में 32.9, धौलपुर में 32.3, नागौर में 32, टोंक में 31.3, बारां में 30.4, डूंगरपुर में 33, हनुमानगढ़ में 30.1, जालोर में 34.2, सिरोही में 29.4, सवाई माधोपुर में 30.5, फतेहपुर में 32.4, करौली में 30.8, बांसवाड़ा में 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान मापा गया।


