जयपुर : लालकोठी थाना इलाके के घाटगेट स्थित महिला बंदी गृह के अन्दर महिला जेल प्रहरी को गश्त के दौरान एक पैकेट पड़ा मिला। जिसे खोलकर देखने पर तीन टच मोबाइल फोन, एक चार्जर व तीन डाटा केबल मिली। इस जेल प्रहरी ने मामले की जानकारी मुख्य जेल प्रहरी कृष्ण कुमार को दी। सूचना मिलने पर कृष्ण कुमार ने थाने पहुंच अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे के आसपास जेल प्रहरी सुमन चौधरी गश्त कर रही थी, तभी टिकट नम्बर तीन और चार के कॉर्नर पर पड़े हुए दो पैकेट पर उसकी नजर गई। जेल प्रहरी ने पैकेट ले जाकर जेल प्रहरी कृष्ण कुमार को दे दिया। पैकेट खोलकर देखा तो उसमें तीन टच मोबाइल फोन, एक चार्जर, तीन सिम कार्ड़, पांच डाटा केबल मिले। कृष्ण ने इस मामले की जानकारी तुरन्त लालकोठी थाने को देते हुए अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि महिला जेल में बंद महिला से सम्पर्क करने के लिए यह पैकेट जेल में पीछे वाली दीवार की तरफ से फेंका गया था। जो बैरक खुलने से पहले ही जेल प्रशासन के हाथ लग गया। पुलिस पैकेट में मिले तीनों सिम के आधार पर जांच करने में जुट गई है।
गौरतलब है कि जेल में मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थमने का नाम ही नही ले रहा है। पहले भी जेल में इस तरह की कई वारदात हो चुकी है। अभी बीस दिन पहले ही जेल में मोबाइल फोन बरामद हुए थे। वो भी जेल के पीछे बनी कॉलोनी से फेंके गए थे। बताया जा रहा है कि जेल के पीछे बनी कॉलोनी में बड़ी बड़ी बिल्ड़िग है। अपराधी तबके के लोग कॉलोनी में रहने वालों से दोस्ती कर उन बिल्ड़िग की छत के माध्यम मोबाइल फोन जेल के फेंक देते है और ये सब बंदी से मुलाकात करते समय तय हो जाता है की किस जगह से मोबाइल का पैकेट उठाना है।



