spot_img
HomeArunachal PradeshItanagar : अरुणाचल प्रदेश में भाजपा का मत प्रतिशत 40 साल में...

Itanagar : अरुणाचल प्रदेश में भाजपा का मत प्रतिशत 40 साल में 46 फीसदी बढ़ा

इटानगर : अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की 60 सीटों में से 46 जीतकर भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार राज्य में अपना परचम लहराया है। चालीस साल में राज्य में भाजपा का वोट 46.89 फ़ीसदी बढ़ गया है। वर्ष 1984 में विधानसभा चुनाव में मात्र एक सीट जीत कर अपना अभियान शुरू किया था। इस चुनाव में भाजपा को 7.69 फ़ीसदी वोट मिला था, जो वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में 54.58 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

भाजपा की लगातार दो बार रही सरकार की लोकप्रियता का राज्य में यह आलम रहा कि मुख्यमंत्री समेत पार्टी के 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। अरुणाचल के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीते 10 वर्षों में किए गए कार्यों के आधार पर इस चुनाव में मतदान किया।

अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास पर नजर डालें तो यह साफ दिखता है कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से राज्य में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत हुई है। वर्ष 1984 में हुए राज्य के 60 विधानसभा सीटों के चुनाव में से भाजपा ने 7.69 फ़ीसदी वोट प्राप्त करके केवल एक सीट जीती थी। वर्ष 1990 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने उम्मीदवार ही नहीं उतारे थे। वर्ष 1995 और 1999 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को कोई सीट नहीं मिली। हालांकि वर्ष 1999 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 10.83 फीसदी वोट प्राप्त हुए थे, जबकि वर्ष 2004 के चुनाव में पार्टी ने नौ सीटें जीतीं। वहीं वर्ष 2009 के चुनाव में पार्टी को सिर्फ तीन सीटों पर ही सिमट कर रहना पड़ा।

इसके बाद वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा को 30.97 फीसदी वोट प्राप्त हुए थे और पार्टी 11 सीटें जीतकर अरुणाचल प्रदेश में पहली बार एनडीए की सरकार बनाने में सफल रही। इसके बाद वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा को पहले से 20 फ़ीसदी अधिक वोट मिले। इस चुनाव में पार्टी ने 50.9 फ़ीसदी वोट प्राप्त करके 41 सीटें जीतीं।

इसी प्रकार अरुणाचल प्रदेश में वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में राज्य की दोनों ही सीटें जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की थी। हालांकि, वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य की दो सीटों में से एक सीट भाजपा को मिली। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने दोनों ही सीटें जीतीं। इस प्रकार अरुणाचल वेस्ट सीट से किरेन रिजिजू तथा अरुणाचल ईस्ट सीट से तापिर गाओ चुनाव जीतकर लोकसभा में पहुंचे थे। वहीं, 24 जून 2020 को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार नबाम रेबिया चुनाव जीतीं। उनका कार्यकाल 23 जून 2026 तक रहेगा।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर