Islamabad : पाकिस्तान में एक लेफ्टिनेंट जनरल समेत तीन सैन्यकर्मी बर्खास्त, होगा कोर्ट मार्शल

0
117

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई

इस्लामाबाद : पाकिस्तान में बीती नौ मई को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा का मामला शांत नहीं हो रहा है। पाकिस्तानी सेना ने इस मामले में सौ से अधिक लोगों पर मुकदमा चलाने की बात कही है। साथ ही जानकारी दी गयी है कि एक लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसर समेत तीन अफसरों व कई सैन्य कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इनके खिलाफ अब कोर्ट मार्शल की कार्रवाई होगी।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स (आईएसपीआर) के महानिदेशक ने सोमवार को बताया कि पाकिस्तान की फौज ने एक लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसर समेत तीन अफसरों व कई सैन्य कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। इन सभी का कोर्ट मार्शल भी किया जाएगा। बर्खास्त किये गए सभी अफसरों पर दो तरह के आरोप हैं। पहला आरोप है कि 9 मई को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद फौज के ठिकानों पर खान समर्थकों ने जो हमले किए, उन्हें इन अफसरों ने नहीं रोका। दूसरे आरोप के तहत इन पर शक जाहिर किया गया है कि ये अफसर हिंसा की साजिश रचने वालों में भी शामिल हैं। जिन सैन्य कर्मियों ने इन अफसरों का साथ दिया है, उन्हें भी बर्खास्त किया गया है।

पाकिस्तान की सेना ने माना कि पिछले महीने पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद नागरिक अशांति को लेकर सैन्य अदालतों में 100 से अधिक लोगों पर मुकदमा चलाया जा रहा है। इस घटना को पाकिस्तान के सियासी घटनाक्रम में हलचल से जोड़ा जा रहा है। माना जा रहा है कि अब जल्द ही इमरान खान को भी गिरफ्तार करके मिलिट्री कोर्ट में उनका मुकदमा चलाया जाएगा।