spot_img

Indore : इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्क्लेव 2023 का आयोजित इंदौर में 26-27 सितंबर को

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आईएसएसी-2022 के विजेताओं को करेंगी सम्मानित

इंदौर : केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 26-27 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्क्लेव 2023’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कॉन्क्लेव में उन सभी 100 स्मार्ट शहरों की भागीदारी देखी जाएगी जो शहरी नवाचार में सबसे आगे रहकर शहर के विकास की प्रक्रिया में एक प्रतिमान परिवर्तन का नेतृत्व कर रहे हैं। यह जानकारी रविवार को जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. आरआर पटेल ने दी।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन देश में शहरी परिवर्तन के भविष्य के लिए रोडमैप को निश्चित करने में सहायता प्रदान करने के लिए एक मिशन के तहत किए गए अनुकरणीय कार्यों को प्रदर्शित करने के बारे में एक मंच प्रदान करेगा।

डॉ. पटेल ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम में 27 सितंबर को इंडिया स्मार्ट सिटीज पुरस्कार प्रतियोगिता (आईएसएसी) 2022 के चौथे संस्करण के विजेताओं को सम्मानित करेंगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2018 से स्मार्ट सिटीज मिशन के तहत किया जा रहा है। यह मिशन के तहत शुरू की गई मुख्य गतिविधियों में से एक है, जिसमें अनुकरणीय प्रदर्शन को पुरस्कृत करने और सहकर्मियों को परस्पर सीखने में सक्षम बनाने एवं सर्वश्रेष्ठ प्रक्रियाओं का प्रसार करने के लिए अग्रणी शहरी रणनीतियों, परियोजनाओं और विचारों को मान्यता दी जाती है।

इस कॉन्क्लेव में मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, संचार एवं रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर और मप्र के शहरी विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा मप्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सभी 100 स्मार्ट शहरों के महापौर और आयुक्त, स्मार्ट सिटी मिशन से जुड़े उद्योग भागीदार, शिक्षाविद और नागरिक समाज संगठन भी इस आयोजन में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि यह 26 और 27 सितंबर 2023 को आयोजित किए जाने वाला दो दिवसीय कार्यक्रम है। इस कॉन्क्लेव के पहले दिन आईएसएसी 2022 के तहत पुरस्कार विजेता परियोजनाओं का प्रदर्शन करने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ संवाद और इंदौर तथा उज्जैन में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कार्यान्वित प्रतिष्ठित परियोजनाओं का स्थल-दौरा भी आयोजित किया जाएगा।

कॉन्क्लेव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि द्वारा आईएसएसी 2022 पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा जिसमें पांच राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों और 31 विशिष्ट शहरों और सात भागीदार संगठनों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। आईएसएसी पुरस्कारों के कुल 66 विजेता हैं। इसके अलावा, स्मार्ट सिटीज मिशन चार रिपोर्ट- आईएसएसी 2022 पुरस्कार संग्रह, यूएन हैबिटेट की रिपोर्ट: स्मार्ट सिटीज मिशन-सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण, एससीएम के न्यूजलेटर्स का संग्रह और आईएसएसी 2023 पुरस्कार पुस्तिका भी इस कॉन्क्लेव के दौरान जारी की जाएगी। पुरस्कार वितरण और पुस्तिका लॉन्च के बाद, पुरस्कार विजेता स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अपने अनुभव और सीख साझा करेंगे। दिन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा।

Explore our articles