spot_img
HomeHyderabadHyderabad : तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा ने आठ-आठ सीटों पर जीत...

Hyderabad : तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा ने आठ-आठ सीटों पर जीत हासिल की, असदुद्दीन ओवैसी जीते

हैदराबाद : तेलंगाना लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। कुल 17 लोकसभा सीटों के परिणाम की घोषणा हो चुकी है। कांग्रेस और भाजपा ने आठ-आठ सीटों पर जीत हासिल की है। इस चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अपना खाता भी नहीं खोल सकी। एमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में 3.25 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की।

तेलंगाना की खम्मम, नलगोंडा, वारंगल, महबूबाबाद, जहीराबाद, भुवनागिरी, नगर कुरनूल और पेद्दापल्ली में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया। आदिलाबाद, निज़ामाबाद, करीमनगर, महबूबनगर, मेडक, मल्कागिरी और सिकंदराबाद में भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। मल्कागिरी में भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मंत्री एटाला राजेंदर ने भारी जीत हासिल की। उन्हें 991042 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार सुनीता महेंद्र रेड्डी को 391475 से हराया। महबूबाबाद में कांग्रेस उम्मीदवार बलराम नाइक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मलोटू कविता पर 3.44 लाख के अंतर से जीत हासिल की।

नलगोंडा में कांग्रेस उम्मीदवार रघुवीर रेड्डी ने भाजपा उम्मीदवार सैदिरेड्डी को 5.51 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। यह तेलुगु राज्यों के इतिहास में सबसे अधिक जीत का आंकड़ा है। 2011 में जगन मोहन रेड्डी ने कडप्पा लोकसभा उपचुनाव 5.43 लाख वोटों से जीता था। खम्मम में कांग्रेस उम्मीदवार रघुराम रेड्डी जीते हैं और उन्होंने भारत राष्ट्र समिति के उम्मीदवार नामा नागेश्वर राव के खिलाफ 4.67 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की।

एमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में 3.25 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की। औवेसी को 6.5 लाख से ज्यादा वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार माधवी लता को 3.20 लाख वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार 62 हजार वोट पाकर तीसरे स्थान पर सीमित रहे। भाजपा नेता बंदी संजय करीमनगर लोकसभा सीट से जीते। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता वेलचला राजेंद्र राव के खिलाफ 2.2 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

वारंगल में कांग्रेस उम्मीदवार कादियाम काव्या ने जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अरुरी रमेश पर दो लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से रिकॉर्ड जीत दर्ज की। भुवनागिरी में कांग्रेस उम्मीदवार चमाला किरणकुमार रेड्डी जीते। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार डॉ. बूरा नरसैया गौड़ पर 2 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की। पेद्दापल्ली में कांग्रेस उम्मीदवार गद्दाम वामसीकृष्ण जीते। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार श्रीनिवास के खिलाफ 1.31 लाख से अधिक के बहुमत से जीत हासिल की।

भाजपा उम्मीदवार धर्मपुरी अरविंद ने निजामाबाद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीवन रेड्डी को एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया। संसदीय सीट नगरकुर्नूल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लू रवि जीते। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार भरत प्रसाद को करीब 94 हजार वोटों से हराया। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उम्मीदवार पूर्व आईपीएस आरएस प्रवीण कुमार को लगभग 3.2 लाख वोट मिले।

आदिलाबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नागेश जीते। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अत्राम सुगुना के खिलाफ 84 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की। जहीराबाद में कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश शेटकर ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा नेता बीबी पाटिल पर 47 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की।सिकंदराबाद में केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी जीते। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार दानम नागेंद्र के खिलाफ करीब 50 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की। मेडक में भाजपा उम्मीदवार रघुनंदन राव जीते। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस नेता नीलम मधु को 35 हजार वोटों से हराया।

महबूबनगर में रोमांचक मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार डीके अरुणा ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार वामसीचंद रेड्डी पर मामूली अंतर से जीत हासिल की। डीके अरुणा ने कड़े मुकाबले में 3600 से अधिक वोटों से जीत हासिल की। चेवेल्ला में भाजपा उम्मीदवार कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी को जीत हासिल हुई है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार रंजीत रेड्डी को 1.6 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर