ग्वालियर : रक्षाबंधन का त्योहार 30 अगस्त को मनाया जाने वाला है। इस त्योहार के लिए शहर में राखी के बाजार सज गए हैं। अभी ऐसी बहनों द्वारा राखी की खरीदारी की जा रही है जिनके भाई दूसरे शहर और विदेशों में रहते हैं। स्थानीय स्तर की खरीदारी 20 अगस्त के बाद से शुरू होगी और अवकाश के दिन भी राखी के बाजार खुले रहेंगे। वहीं डाकघरों में एक से दो दिन में राखी के लिफाफे भी मिलना शुरू हो जाएंगे।
बाजार में रंग-बिरंगी राखियों से दुकानें सजी हुई हैं जिनमें भैया-भाभी का सेट, चंदन, स्टोन और रेशम की राखियां हैं। इन राखियों की कीमत 5 से 150 रुपये तक है। इसी के साथ पूजा की थाली भी विशेष आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। इन थालियों के साथ हल्दी, चावल और रोली रखकर दिया जा रहा है। इनकी कीमत 50 से 200 रुपये है। बाजार में बिकने वाली राखी दिल्ली, कलकत्ता और आगरा से बनकर आती हैं। राखी विक्रेता अमित मोतीहार ने बताया कि इस बार राखियां अधिक महंगी नहीं है। बाजार में जो राखियां बिक रही हैं वह पूर्ण रूप से हाथ से बनी हुई हैं। राखी इस बार भी पुराने दामों पर राखी बिक रही हैं। वहीं कर सलाहकारों ने बताया कि राखी पूर्ण रूप से कर मुक्त होती हैं।


