ग्वालपारा : (Goalpara) ग्वालपाड़ा जिला के कृष्णाई क्षेत्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत कृष्णाई सालपारा दारापारा में बीती रात लकड़ी माफिया और स्थानीय लोगों ने वन कर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में वन विभाग के लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों की पहचान मोबिनुर रहमान, नजरुल इस्लाम, मुस्तफा अली और राजबीर अहमद के रूप में हुई है। घायलों को ग्वालपारा सालेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नजरुल इस्लाम के सिर और हाथों पर खुखरी से हमला किया गया जबकि, राजबीर अहमद के शरीर के कई हिस्सों में धारदार हथियार से वार किया गया। हमलावरों ने वन कर्मियों पर दाव, खुकुरी, धारदार हथियारों और लाठी से हमला किया था।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बोरो मटिया द्वारा प्रस्तावित संरक्षित वन क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाते हुए एक ट्रैक्टर शॉल की लकड़ी को जब्त कर लिया था। वन विभाग ने लकड़ी को जब्त कर जब वन विभाग के कार्यालय लेकर जा रहे थे तो इसी दौरान लकड़ी माफिया और स्थानीय लोगों ने वन विभाग के कर्मियों और वन विभाग के वाहनों द्वारा पर हमला कर दया। हमलावर ने वन कर्मियों का मोबाइल फोन और दो सोने की अंगूठियां छीन लीं। डीएफओ जितेंद्र कुमार और कृष्णाई क्षेत्रीय वन अधिकारी शिवानी पेगू रात में ही अस्पताल पहुंचकर घायल वनकर्मियों के स्वास्थ्य का जायजा लिया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने सभी हमलावर वन माफिया और हमले में शामिल स्थानीय लोगों को गिरफ्तार करने का आज निर्देश जारी किया है।


