Dhamtari : हंचलपुर के गोठान में गोबर से पेंट बना रही महिलाएं

0
347

धमतरी : धमतरी जिले के कुरूद ब्लाक के ग्राम पंचायत हंचलपुर के गोठान में रीपा के तहत गोबर पेंट का निर्माण हो रहा है। ग्राम पंचायत हंचलपुर की चंचल स्व सहायता समूह की महिलाएं लगातार गोबर पेंट बना रही हैं। महिलाएं अब तक एक हजार लीटर से अधिक मात्रा में पेंट बना चुकी हैं। ग्राम पंचायत हंचलपुर के गोठान में रीपा के तहत चंचल स्व सहायता समूह की अध्यक्ष लकेश्वरी साहू, गोमती साहू, जामुन साहू, कुंती साहू, रामेश्वरी साहू सहित 11 महिलाएं गोबर से पेंट बना रही हैं।

इन महिलाओं ने तीन मार्च 2023 को पेंट का उत्पादन प्रारंभ किया था। इस कार्य में दो पुरूष भी उनका साथ दे रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि पेंट बनाने की प्रारंभिक प्रक्रिया में पहली मशीन एजिटेटर का उपयोग करते हैं इसमें जितना गोबर डालते हैं। उतना ही पानी डालते हैंं। इसके बाद डीवी मशीन में गोबर और पानी को मिलाकर पिसाई की जाती है। इसके बाद मशीन टैंक में सारा मटेरियल आता है। इसके बाद 90 डिग्री सेल्सियस तक गर्म कर मटेरियल को एक से दो घंटे तक खौलाया जाता है। पश्चात मटेरियल को चार घंटे ठंडा करते हैं। ठंडा होने के बाद ड्रम में निकालकर मटेरियल को डालते हैं।

इसके बाद हाई स्पीड मशीन में डालकर 15 से 20 मिनट चलाते हैं। अंत में रंग डाल कर मनचाहा रंग तैयार किया जाता है। वर्तमान में यहां वनीला, गुलाबी, गहरा हरा, चाकलेट, पीला और कत्था रंग सहित अन्य रंग के पेंट तैयार है। इसके अलावा मांग के अनुसार भी विभिन्न रंगों के पेंट तैयार किए जाते हैं। इमल्शन वाटर प्रूफ पेंट और डिस्टेंपर दोनों तैयार किया जा रहा है।कृषि विभाग के उपसंचालक मनीष कुमार साहू ने कहा कि गोबर से पेंट बनाने का कार्य सराहनीय है। महिलाओं को उनके कार्य के अनुसार मांग मिल रहा है। फिलहाल जिले में एक ही इकाई स्थापित की गई है, इसलिए आने वाले समय में गोबर के पेंट की अधिक मांग रहेगी। इससे महिलाओं को अधिक रोजगार मिलेगा।