धमतरी : समर्थन मूल्य पर धान की खरीद इस साल बायो मेट्रिक्स सिस्टम से की जाएगी, इसके लिए शासन स्तर से तैयारियां शुरू हो गई है। खरीद केन्द्रों में धान बेचने पहुंचने वाले किसान या उनके नामिनी को धान बेचने के लिए बायो मेट्रिक्स सिस्टम में अंगूठा दबाकर स्कैनिंग करने के लिए तीन बार मौका मिलेगा। यदि मशीन अंगूठा स्वीकार नहीं किया, तो मोबाइल पर आधार ओटीपी भी आएगा। इसके बाद भी मशीन स्वीकार नहीं करता है, तो जिला प्रशासन द्वारा चयनित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के सत्यापन पर ही किसान को धान बेचने का मौका मिलेगा।
राशन दुकानों में गड़बड़ी रोकने बायो मेट्रिक्स सिस्टम से चावल वितरण किया जा रहा है, इससे चावल के हेराफेरी में काफी कमी आई है। ठीक इसी तरह इस साल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रदेश सरकार प्रदेश समेत धमतरी जिले के सभी 99 खरीद केन्द्रों में बायो मेट्रिक्स सिस्टम से धान की खरीद करेगी। खरीद शुरू होने से पहले सोसाइटियों में पदस्थ कम्प्यूटर आपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि खरीदी के समय गड़बड़ी न हो। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला विपणन कार्यालय की ओर से पहुंचे प्रशिक्षकों ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने पहुंचने वाले किसानों को बायो मेट्रिक्स सिस्टम में तीन बार अंगूठा स्कैनिंग करने का मौका मिलेगा। सिस्टम यदि किसान के उंगली स्वीकार नहीं करता है, तो आधार ओटीपी मोबाइल पर आएगा। आधार ओटीपी को भी बायो मेट्रिक्स सिस्टम स्वीकार नहीं करता है, तो जिला प्रशासन द्वारा चयनित कृषि विभाग में पदस्थ उस क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी किसान की पहचान व सत्यापन समितियों के माध्यम से किया जाएगा, इसके बाद ही वह किसान खरीदी केन्द्र में अपना धान समर्थन मूल्य पर बेच पाएगा।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर इस साल किसान प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीद केन्द्रों में करेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई है। नया किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। इस साल समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए अब तक 1164 नया किसानों ने अपना पंजीयन सोसाइटियों में कराया है। 30 सितंबर तक पंजीयन करा सकते हैं। पिछले साल के आंकड़ा के अनुसार समर्थन मूल्य में धान बेचने जिले में एक लाख 21234 किसानों का पंजीयन हुआ था। इस साल पंजीयन संख्या और बढ़ने की संभावना है।
बायो मेट्रिक्स सिस्टम से होगी खरीद
इस साल जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शासन के निर्देशानुसार बायामेट्रिक्स सिस्टम के आधार पर होगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई है। सोसाइटियों के कम्प्यूटर आपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया।
सीआर जोशी, डीएमओ धमतरी


