
ढाका : (Dhaka) बांग्लादेश में ढाका-टांगाइल-जमुना ब्रिज हाइवे (Dhaka-Tangail-Jamuna Bridge Highway in Bangladesh) पर रात से 47 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। पुलिस और जमुना ब्रिज अधिकारियों ने बताया कि गाजीपुर के चंद्र इलाके में रातभर वाहनों का दबाव रहा। बकरीद (Eid-ul-Adha) की वजह से लोग जल्द से जल्द अपने गंतव्य पर पहुंचना चाहते हैं। इस हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार अभी भी लगी हुई है। बरसात हो रही है। दर्जनों वाहन बीच में खराब हो गए हैं।
ढाका ट्रिब्यून (Dhaka Tribune) की रिपोर्ट के अनुसार यह जाम जमुना ब्रिज टोल प्लाजा से टांगाइल सदर उपजिला (Jamuna Bridge toll plaza to Gharinda in Tangail Sadar Upazila) के घरिंदा और नातियापारा से गोराई तक बढ़ गया है। बकरीद की छुट्टियों पर घर जा रहे लोगों, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुज़ुर्ग यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वाहनों का दबाव कम करने के लिए दो चरणों में एकतरफा यातायात शुरू किया गया। इस दौरान पांच गाड़ियां खराब हो गईं। इससे स्थिति और बिगड़ गई।
जमुना ब्रिज साइट ऑफिस के कार्यकारी अभियंता सैयद रियाजुद्दीन (Syed Riazuddin, Executive Engineer at the Jamuna Bridge Site Office) ने बताया कि बारिश, अत्यधिक यातायात दबाव और पुल पर गाड़ियों के खराब होने के कारण यह जाम लगा। उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि दिन ढलने के साथ-साथ स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो जाएगी।”
टांगाइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद शम्सुल (Mohammad Shamsul Alam Sarkar) आलम सरकार ने बताया कि हाइवे के टांगाइल वाले हिस्से में यातायात का दबाव लगातार बना हुआ है।


