
कोलंबो : (Colombo) श्रीलंकाई पुलिस (Sri Lankan police) ने दक्षिणी प्रांत में तीन जगहों पर छापा मारकर 198 विदेशी नागरिकों को संगठित साइबर अपराध में शामिल होने के शक में गिरफ्तार किया है। यह छापे मिडिगामा, हिक्काडुवा और गाले में मारे गए। इन स्थानों पर कथित तौर पर डिजिटल धोखाधड़ी के केंद्रों का संचालन हो रहा था। पुलिस के अनुसार यह संदिग्ध मुख्य रूप से दक्षिण एशियाई मूल के हैं। इनमें 173 भारतीय नागरिक और 25 नेपाली नागरिक शामिल हैं।
डेली मिरर अखबार के अनुसार गाले में सबसे ज्यादा संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। यहां दो स्थानों से 110 भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया गया। हिक्काडुवा में पुलिस ने डोडंडुवा में एक ठिकाने पर छापा मारकर 35 भारतीयों और 20 नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया। 43 वर्षीय होटल मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। उसने इन लोगों को रहने की जगह दी थी। पुलिस ने 25 कंप्यूटर, 119 मोबाइल फोन, लगभग 750,000 रुपये नकद और दो वाहन जब्त किए।
मिडिगामा पुलिस (Midigama police) ने 11 मई को पिनवट्टा इलाके में एक होटल पर छापा मारा और 33 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 28 भारतीय और पांच नेपाली नागरिक शामिल हैं। इस होटल से कुल 83 कंप्यूटर और 198 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। संदिग्धों पर कंप्यूटर अपराध अधिनियम (Computer Crimes Act) का उल्लंघन करने, बिना वैध वीजा के श्रीलंका में रहने और टूरिस्ट वीजा पर रहते हुए नौकरी करने का आरोप लगाया जाएगा।


