Chittorgarh : लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी राजस्थान पर चुप क्यों – दीया कुमारी

0
220

चित्तौड़गढ़ : भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राजसमंद सांसद दीया कुमारी ने सवाल किया है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी राजस्थान पर चुप क्यों हैं।

भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर सोमवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज महिलाओं के भीतर असुरक्षा की भावना है। वे स्वयं महिला हैं और उन्हें राजस्थान में डर लगता है। राजस्थान में महिला अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं देखते हुए रात तो बहुत दूर की बात है, दिन में भी बाहर निकलने से डर लगने लगा है। स्वयं को राजस्थान का नागरिक कहते हुए शर्म महसूस होने लगी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत फ्री की योजनाओं के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। राजस्थान में आज सबसे ज्यादा मंहगाई है, सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है, सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, पेट्रोल-डीजल पूरे भारत में सबसे मंहगा राजस्थान में है। बिजली की दरें सबसे ज्यादा राजस्थान में है। प्रदेश की जनता ने भी सोच लिया है कि अब परिवर्तन लाना है।

सांसद दीया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन सनातन धर्म को लेकर किस तरह की बातें करता है यह भी हम सब जानते हैं। वे लोग सनातन धर्म को खत्म करने की बात कर रहे है। हमारे भारत में रहते हो और यह सब बोलते हो। ऐसी पार्टी से कांग्रेस एलाइंस कर रही है, यह भी सोचने का विषय है। यह लोग हमारे देश को कमजोर कर रहे हैं और तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। पिछले साल कन्हैया मर्डर केस को हम सब ने देखा है, लेकिन इनमें से एक आरोपित बरी हो गया। जयपुर बम ब्लास्ट के भी आरोपित भी बरी हो गए।

रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने कहा कि उन पर हत्या और राष्ट्रद्रोह का गलत आरोप लगाकर विधानसभा से निलंबित करवाया गया। मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो हत्या के अपराध में गिरफ्तार करके बताएं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि गहलोत सरकार सरकारी खजाने को खाली कर करोड़ों का भ्रष्टाचार कर रही है। केंद्र से आ रहे राशन को 8 महीने से बंद करवाकर मुफ्त अन्नपूर्णा किट बांटने का ड्रामा कर रही है। किट में मिर्च पाउडर, तेल सबकी क्वालिटी खराब है। फ्री स्मार्टफोन योजना में जो मोबाइल दिया जा रहा है, यह मोबाइल पूर्व में कंपनी द्वारा रिजेक्ट किये जा चुके हैं। गोदाम में पड़ा हुआ डिफेक्टिव माल कम रुपये में खरीद कर सरकारी खजाने से प्रति मोबाइल 6 हजार रुपये खर्च कर करोड़ों का भ्रष्टाचार कर रही है। कांग्रेस सरकार राजस्थान में बिजली फ्री देने की बात कहती है, जबकि घरों में दुगुना-तिगुना बिल आ रहा है। गांव में बिजली नहीं रहती फिर भी बिल बढ़-चढ़कर आ रहा है।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला प्रमुख सुरेश धाकड़, यात्रा जिला संयोजक रघु शर्मा, जिला मीडिया संयोजक सुधीर जैन, जिला प्रमुख सुरेश धाकड़, यात्रा जिला सह संयोजक पारस जैन, सह जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक, विधानसभा संयोजक रणजीत सिंह भाटी, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन बद्रीलाल जाट, भाजयुमो पूर्व जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह, भाजयुमो नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।