घर में मिले पति, पत्नी व मां के शव
गला रेतकर की गई तीनों की हत्या
चंडीगढ़:(Chandigarh) पंजाब के लुधियाना में अज्ञात व्यक्तियाें ने एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे जब घर में दूध देने वाला घर पहुंचा, तब घटना की जानकारी लोगों को हुई। पुलिस ने मौका-ए- वारदात का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार लुधियाना के सलेम टाबरी क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीनगर में चमन लाल, अपनी पत्नी सुरिंदर कौर और मां बचन कौर के साथ एक ही घर में रहते थे। इनके बच्चे विदेश में रहते हैं। पड़ोसियों के अनुसार इस परिवार के तीनों लोग ज्यादातर समय घर के भीतर ही रहते थे। इसलिए शुक्रवार को किसी को संदेह नहीं हुआ। जब दूध वाले ने काफी देर तक घंटी बजाई तो भीतर से कोई नहीं आया। शक होने पर उसने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर तीन शव पड़े थे। जिनमें दो बेड पर और एक उसी कमरे में नीचे फर्श पर पड़ा था। तीनों की गला रेत कर हत्या की गई थी। पड़ोसियों के अनुसार गुरुवार को भी पूरा दिन तीनों में से कोई भी घर से बाहर नहीं निकला।
थाना सलेमटाबरी के प्रभारी हरजीत सिंह के अनुसार शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।


