
कुत्ते के हमले में तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल
भिवंडी : भिवंडी शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है और भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन ने इन आवारा कुत्तों पर कार्रवाई करने में घोर लापरवाही की है। पदमनगर इलाके में सोमवार को एक तीन वर्षीय बच्ची को आवारा कुत्ते ने हमला करके काटते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। आवारा कुत्ते के हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई । निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इस बीच भाजपा के शहर अध्यक्ष व पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी ने भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन को लिखित पत्र देकर पद्मानगर सहित भिवंडी मनपा क्षेत्र में आवारा कुत्तों के खिलाफ भिवंडी मनपा प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
राजू चाल इलाके में खेलते समय एक कुत्ते ने उस पर हमला किया
मिली जानकारी के अनुसार खूंखार कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय बच्ची का नाम चांदनीकुमारी है। भिवंडी स्थित पद्मानगर के राजू चाल इलाके में खेलते समय एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। पदमनगर में राजू चाल क्षेत्र में विगत दो माह से बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों का आना-जाना लगा रहता है तथा क्षेत्र के बच्चों, छात्रों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को आवारा कुत्तों द्वारा दिन-रात काटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके चलते क्षेत्र के नागरिकों को क्षेत्र में आवारा कुत्तों की पीड़ा झेलनी पड़ रही है, भाजपा शहर अध्यक्ष व पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी ने भिवंडी मनपा आयुक्त को लिखित पत्र देकर मनपा प्रशासन से सभी की आवारा कुत्तों की धरपकड़ कर उन्हें हटाने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है । बता दें कि भिवंडी शहर में 12 हजार से अधिक आवारा कुत्तों के साथ-साथ अन्य क्षेत्र में आवारा कुत्तों की भरमार है। आवारा कुत्तों की बढ़ोतरी की रोकथाम के लिए विगत कई सालों से भिवंडी मनपा प्रशासन ने कुत्तों की नसबंदी अभियान पर कोई कार्रवाई नहीं की है, जिसके कारण आए दिन शहर में दर्जनों लोग आवारा कुत्तों के हमले और काटने का शिकार हो रहे हैं। इन सब घटनाओं के लिए भिवंडी मनपा प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार है, जिसके कारण नागरिकों में मनपा प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।


