गोंगपा नेता ने दान की 2 करोड़ 31 लाख की जमीन
बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में हुआ सामूहिक विवाह समारोह मंगलवार को दिनभर मीडिया की सुर्खियों में छाया रहा। इसकी वजह यह रही कि इस समारोह में जिन 63 आदिवासी जोड़े विवाह बंधन में बंधे, उन सभी को अपना आशियाना बनाने के लिए बतौर उपहार 750 वर्गफीट के प्लॉट दिए गए। यह जमीन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के जिलाध्यक्ष हेमंत सरेयाम के स्वामित्व की थी।
दरअसल, अखिल गोंडवाना महासभा के बैनर तले मंगलवार को बैतूल के हमलापुर में गोंडवाना विवाह और भूदान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसके लिए 100 से ज्यादा जोड़ों का पंजीयन कराया गया था। परिणय सूत्र में बंधने के बाद हर वधु को कन्यादान में गौठाना क्षेत्र में 750 वर्गफीट आवास के लिए भूखंड का दानपत्र दिया गया। भूखंड का दानपत्र पाकर नव दंपत्तियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि इस जमीन पर घर बनाने के अलावा कुछ व्यवसाय भी शुरू करेंगे।
मंगलवार दोपहर 12 बजे पड़ापेन और मुठवा पूजन से इस विवाह समारोह की शुरुआत हुई। दोपहर 12.30 बजे से आंगापेन दर्शन हुआ। 2 बजे शादी की रस्में शुरू हुईं। इनके पूरे होने के बाद करीब 3 बजे से विवाहित जोड़ों को भूदान पत्र बांटे गए। समारोह में आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
गोंडवाना विवाह और भूदान सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को प्रमाणित दानपत्र सौंपे गए। इसके लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष हेमंत सरेयाम ने मौजा मरामझीरी में खसरा नंबर 11/2 रकबा 0.809 हेक्टेयर में से जमीन दान की है। दानपत्र के साथ जमीन का लेआउट भी लगाया गया है। हालांकि, पंजीयन शुल्क समेत नामांतरण के लिए खर्च का भार दंपती को उठाना होगा। जोड़ों को सौंपी गई भूमि मौजा मरामझीरी में खसरा नंबर 11/2 रकबा 0.809 हेक्टेयर में से दान की गई है। दानदाता के वकील शादी के पंडाल में दानपत्र लेकर पहुंचे।
दूल्हा-दुल्हन को प्लॉट गिफ्ट करने वाले सरेयाम ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को दान किए गए प्रत्येक भूखंड की शासकीय कीमत 3 लाख 85 हजार रुपये है। इसके आधार पर पूरी जमीन का मूल्य 2 करोड़ 31 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि समाज के विवाह समारोह आदिवासी संस्कृति के लिहाज से किए जाने चाहिए। इसी परंपरा को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया गया था।


