बदायूं : कादरचौक थाना क्षेत्र के भूड़ा भदरौल गांव में रविवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दामाद पर बेटी को फांसी पर लटकाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के हतरा गांव में रहने वाले दिलशाद ने अपनी बेटी मरजीना की शादी करीब छह साल पहले कादरचौक थाना क्षेत्र के भूड़ा भदरौल गांव जान मोहम्मद के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से जान मोहम्मद मरजीना पर शक करने लगा था। इसकी वजह से वह रोजाना मरजीना के साथ मारपीट करता था। मायके वालों का आरोप है कि उसके पति जान मोहम्मद ने ही उनकी बेटी को फांसी पर लटकाकर मार डाला है।
मामले में कादरचौक थाना अध्यक्ष वेदपाल सिंह ने बताया कि मायके वालों की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जो भी जांच में तथ्य निकल कर आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


