spot_img
Home latest Mumbai : मुंबई लोकल में ‘खूनी’ मानसून

Mumbai : मुंबई लोकल में ‘खूनी’ मानसून

0
29

मुंबई : (Mumbai) मुंबई में मानसून की पहली बारिश (Mumbai’s first monsoon) के बीच लोकल ट्रेन के भीतर एक खौफनाक वारदात सामने आई है। लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल में महज ट्रेन का दरवाजा खुला रखने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक यात्री ने दूसरे यात्री की बेरहमी से जान ले ली। मृतक की पहचान विरार निवासी 22 वर्षीय मयंक लोहार (22-year-old Mayank Lohar, a resident of Virar) के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रोशन सुवर्णा (Roshan Suvarna) को बुधवार दोपहर कुर्ला से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

बारिश का पानी अंदर आने का विरोध करने पर मर्डर
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खूनी संघर्ष मंगलवार रात करीब 10:42 बजे अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल (Churchgate-Nalasopara fast local train) के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुआ। अंधेरी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान मयंक और आरोपी रोशन सुवर्णा के बीच गेट खुला रखने को लेकर बहस शुरू हो गई थी। तेज बारिश के कारण मयंक ट्रेन का दरवाजा बंद करना चाहता था, जबकि आरोपी रोशन उसे खुला रखने पर अड़ा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रोशन ने जेब से चाकू निकाला और मयंक के पेट में घोंप दिया। ट्रेन में मौजूद सहयात्री इस अचानक हुए हमले से स्तब्ध रह गए। मयंक को खून से लथपथ छोड़कर आरोपी रोशन सुवर्णा रात 11:04 बजे ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम, CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी
लहुलूहान मयंक को बोरीवली स्टेशन के मेडिकल रूम में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत एंबुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल (Shatabdi Hospital in Kandivali) शिफ्ट किया गया। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान मयंक ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। रेलवे पुलिस ने उसकी तलाश में तुरंत 7 टीमें गठित कीं और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बुधवार दोपहर उसे कुर्ला से दबोच लिया।

करियर की शुरुआत में ही उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
मृतक मयंक लोहार ने हाल ही में फाइनेंस मार्केटिंग में अपनी पढ़ाई पूरी की थी और पिछले 9 महीनों से चकाला स्थित ‘वेस्ट साइड’ नामक कंपनी (company named ‘Westside’ in Chakala) में कार्यरत था। वह रोजाना काम के सिलसिले में विरार से अंधेरी लोकल से सफर करता था। मयंक का परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, लेकिन उनकी छह पीढ़ियां मुंबई में ही बसी हैं। पहले वे अंधेरी में रहते थे, पर घर के री-डेवलपमेंट के काम के चलते कुछ महीने पहले ही विरार शिफ्ट हुए थे।

4 महीने में दूसरी वारदात
इस घटना ने लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। पिछले चार महीनों के भीतर बोरीवली स्टेशन के पास यह दूसरी ऐसी वारदात है, जहां दरवाजे पर खड़े होने के विवाद में किसी यात्री की चाकू मारकर हत्या की गई है। रोजाना लाखों यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाली मुंबई लोकल में लगातार बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों से आम मुसाफिरों के बीच भारी डर का माहौल है।