
देहरादून : (Dehradun) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) ने शनिवार को उत्तराखंड भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि का अंतरण किया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने बोर्ड की विवाह के बाद सहायता, मृत्यु अनुदान, प्रसूति सुविधा व शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभाथियों के खाते में वन क्लिक के माध्यम से यह राशि ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं (worker welfare schemes) का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए विशेष शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकाधिक उपयोग के निर्देश दिए। साथ कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल पात्र श्रमिकों को ही योजना का लाभ मिले।
जानकारी दी गई कि बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं (welfare schemes) के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर संविदा बोर्ड के राज्य सलाहकार कैलाश पंत, सतर्कता समिति अध्यक्ष गीता रावत, राज्य सतर्कता समिति उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रमआयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली उपस्थित रहे।





