
नई दिल्ली : (New Delhi) सोमवार यानी आठ जून से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट (primary market) में मामूली हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह सिर्फ एक कंपनी अपना आईपीओ लॉन्च कर रही है। ये आईपीओ एसएमई सेगमेंट (SME segment) का है। इस सप्ताह मेनबोर्ड सेगमेंट का कोई आईपीओ नहीं खुलने वाला है। इस इकलौते आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह खुले चार आईपीओ में भी इस सप्ताह निवेशक बोली लगा सकेंगे। इन चार आईपीओ में से तीन एसएमई सेगमेंट के हैं, जबकि एक आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट का है। इस सप्ताह छह कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं।
इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 12 जून को हॉरिजॉन रिक्लेम इंडिया (Horizon Reclaim India) का 54.27 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 16 जून तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 98 रुपये से लेकर 103 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 19 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
इस नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह चार जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले वाह केमिकल्स (Vaha Chemicals) के 13.45 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी आठ जून तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 60 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 11 जून को कंपनी के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 6.48 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
इसी तरह चार जून को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले यूएचएम वैकेसन (UHM Vacation) के 36.02 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी कल यानी आठ जून तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 157 रुपये प्रति शेयर से लेकर 166 रुपये प्रति सेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 800 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 11 जून को कंपनी के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 66 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
इसके अलावा पिछले सप्ताह पांच जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हेक्सागॉन न्यूट्रिशन (Hexagon Nutrition) के 138.87 करोड़ रुपये के आईपीओ में मंगलवार यानी नौ जून तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 42 रुपये प्रति शेयर से लेकर 45 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 333 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 12 जून को कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 1.65 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
पांच जून को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले जेनएक्साई एनालिटिक्स (Genexai Analytics) के 54.84 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी नौ जून तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 110 रुपये प्रति शेयर से लेकर 116 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 12 जून को कंपनी के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 60 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आठ जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफार्म पर मैट्रिमॉनिक्स की लिस्टिंग हो सकती है। इसके बाद 10 जून को सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसके अगले दिन 11 जून को वाह केमिकल्स और यूएचएम वैकेशन के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इसके बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन हेक्सागॉन न्यूट्रिशन के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी दिन जेनएक्साई एनालिटिक्स के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।


