
धीरज सिंह
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव (Maharashtra Legislative Council elections) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुंबई के गरवारे क्लब हाउस में (Garware Club House in Mumbai) आयोजित संयुक्त पत्रकार परिषद में महायुति ने अपने 17 अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए चुनावी मैदान में मजबूती से उतरने का संकेत दिया। गठबंधन नेताओं ने दावा किया कि सभी उम्मीदवार विजयी होंगे और महायुति एक बार फिर अपनी राजनीतिक ताकत साबित करेगी। इस चुनाव के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (Chief Minister Devendra Fadnavis, Deputy Chief Minister Eknath Shinde, and Deputy Chief Minister Sunetra Pawar) ने मिलकर रणनीति तैयार की है। पत्रकार परिषद में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे और शिवसेना नेता राहुल शेवाले (BJP State President Ravindra Chavan, NCP State President Sunil Tatkare, and Shiv Sena leader Rahul Shewale) एक मंच पर दिखाई दिए।
बागी उम्मीदवारों को मनाने में सफलता
महायुति के सामने सबसे बड़ी चुनौती बागी उम्मीदवारों को संभालने की थी। रविंद्र चव्हाण (Ravindra Chavan) ने बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों से नामांकन वापस लेने की अपील की, जबकि एकनाथ शिंदे ने व्यक्तिगत स्तर पर संवाद कर नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास किया। गठबंधन नेताओं का दावा है कि इस रणनीति का सकारात्मक असर हुआ है और अधिकांश असंतुष्ट कार्यकर्ता संगठन के साथ बने हुए हैं। सुनील तटकरे ने महाविकास आघाड़ी की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष कई क्षेत्रों में मजबूत उम्मीदवार खोजने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि महायुति के मुकाबले विपक्षी गठबंधन संगठनात्मक रूप से कमजोर दिखाई दे रहा है।
महायुति के घोषित उम्मीदवार
महायुति ने नागपुर से डॉ. राजीव पोतदार, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली से अरुण लखानी, अमरावती से प्रवीण पोटे, सोलापुर से राजेंद्र राउत, अहमदनगर से प्राजक्त तनपुरे, जलगांव से नंदकिशोर महाजन, सांगली-सातारा से धैर्यशील कदम, नांदेड से अमरनाथ राजूरकर, उस्मानाबाद-लातूर-बीड से बसवराज पाटील, औरंगाबाद-जालना से सुहास शिरसाठ, ठाणे से रविंद्र फाटक, यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी, परभणी-हिंगोली से सईद खान, नाशिक से नरेंद्र दराडे, रायगड-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से अनिकेत तटकरे तथा पुणे से विक्रम काकडे को उम्मीदवार बनाया है।


