
नवजात को बाथरूम में छोड़ फरार हुई मां, पुलिस जांच में जुटी
मुंबई : (Mumbai) घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल (Rajawadi Hospital in Ghatkopar) में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। 25 मई की रात करीब 9 बजे अस्पताल के एक सुनसान बाथरूम में नवजात बच्चे को लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। ठंडे फर्श पर तड़पते और रोते हुए मासूम को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। वार्ड नंबर 40 के पास स्थित शौचालय से अचानक नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। अस्पताल में मरीज से मिलने आए विष्णु श्रीराम पटेल (Vishnu Shriram Patel) ने जब बच्चे की सिसकियां सुनीं, तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी तिलक नगर पुलिस चौकी (Tilak Nagar Police Chowki) में तैनात हवलदार जितेंद्र पाटिल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और नर्सिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा।
बाथरूम के फर्श पर पड़ा मिला नवजात
जब बाथरूम का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। बिना कपड़ों के एक नवजात बच्चा ठंडे फर्श पर बेसहारा पड़ा लगातार रो रहा था। अस्पताल की नर्सों ने तुरंत बच्चे को गोद में उठाया, साफ किया और इलाज के लिए नवजात गहन चिकित्सा इकाई (Neonatal Intensive Care Unit) में भर्ती कराया।
डॉक्टरों की मुस्तैदी से बची जान
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तत्परता के कारण बच्चे की जान बचाई जा सकी। फिलहाल अस्पताल की विशेष मेडिकल टीम चौबीसों घंटे नवजात की निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा अब खतरे से बाहर है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
अस्पताल रिकॉर्ड में नहीं मिला प्रसव का उल्लेख
प्रारंभिक जांच में अस्पताल के रिकॉर्ड में किसी महिला के प्रसव का कोई विवरण नहीं मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात महिला ने अस्पताल के बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गई। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV cameras) की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि बच्चे को जन्म देने वाली महिला की पहचान की जा सके। फिलहाल नवजात सुरक्षित है और पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी हुई है।


