
कुल्लू : (Kullu) कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी में आज वीरवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां बढ़ई-बागन-पीज संपर्क मार्ग (Badhai-Bagan-Pij link road) पर सवारियों से भरी एक टाटा सूमो टैक्सी जोकि बागन से कुल्लू मुख्यालय की तरफ आ रही थी, अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य सवारियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मृतकों की पहचान कला देवी (40) पत्नी सुरेन्द्र, मैना देवी (37) पत्नी देवी सिंह व कला देवी पत्नी बुद्धि सिंह (40) के रूप में हुए है।
घायलों की पहचान चालक जय सिंह (43), सावित्रा (45), अंजू (26), मुला देवी (39), कमला (35), अय्यांश (6), तारा ठाकुर (25), प्रोमिला देवी (35), व चैतरु (37) निवासी भेदार, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
हादसा उस दौरान हुआ जब सूमो टैक्सी (Sumo taxi) (जिसमें चालक सहित 12 लोग सवार थे) लगघाटी के पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी। बढ़ई-बागन-पीज सड़क पर एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिस कारण गाड़ी पहले पहाड़ी से जा टकराई ओर उसके बाद सड़क से नीचे सीधे खाई में लुढ़क गई। गाड़ी के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की आवाज सुनी और मौके की तरफ दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर (Sundar Singh Thakur) सहित स्थानीय प्रशासन, कुल्लू पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई गहरी होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस अधीक्षक मदनलाल कौशल (Superintendent of Police Madan Lal Kaushal) ने कहा सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था। शवों को कब्जे में ले लिया गया है और सभी 8 घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों (तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही) की जांच की जा रही है।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा, एसपी मदन लाल (Deputy Commissioner Anurag Chandra Sharma and SP Madan Lal) भी मौका पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलते ही तहसीलदार अनिल कुमार अपने स्टाफ के साथ क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंच गए जहां उन्होंने मृतकों के परिवारों को 20 – 20 हजार रुपए, रेफर हुए दो घायलों को 10 – 10 हजार रुपए तथा घायलों को 5 – 5 हजार रुपए राहत राशि प्रदान की गई।


