
मुंबई समेत पूरे कोंकण तट पर ५ जून से दस्तक देगा मानसून
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं। ऐसे में बारिश की फुहारों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग (Meteorological Department) ने राहत भरी खबर दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और जून के पहले सप्ताह में मुंबई सहित महाराष्ट्र में प्रवेश कर सकता है।
अंडमान-निकोबार पार कर आगे बढ़ा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (Andaman and Nicobar Islands) को सफलतापूर्वक पार कर चुका है। अब यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी (Arabian Sea and the Bay of Bengal) के रास्ते तेजी से आगे बढ़ रहा है। अरब सागर में हवाओं की गति और मौसम की स्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं।
5 से 10 जून के बीच मुंबई पहुंचने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो मानसून 5 जून से 10 जून के बीच मुंबई और पूरे कोंकण क्षेत्र में दस्तक दे सकता है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में मानसून तेजी से महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ेगा।
15 जून तक पूरे महाराष्ट्र में सक्रिय होगा मानसून
अनुमान के अनुसार मुंबई पहुंचने के बाद मानसून 10 जून से 15 जून के बीच पुणे, नाशिक, विदर्भ और मराठवाड़ा सहित पूरे महाराष्ट्र में सक्रिय हो जाएगा। इससे किसानों को खरीफ सीजन की बुवाई शुरू करने में मदद मिलेगी।
अल-नीनो के प्रभाव पर वैज्ञानिकों की नजर
मौसम विभाग इस वर्ष अल-नीनो (El Niño) के प्रभाव पर लगातार नजर बनाए हुए है। वैज्ञानिकों के अनुसार जून के पहले और दूसरे सप्ताह में बारिश की रफ्तार अच्छी रहने की संभावना है, लेकिन जुलाई के बाद अल-नीनो का असर बढ़ सकता है।
अगस्त-सितंबर में बारिश धीमी पड़ने की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि अगस्त और सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बारिश की रफ्तार थोड़ी कम हो सकती है। हालांकि ‘इंडियन ओशन डाइपोल’ (Indian Ocean Dipole) की सकारात्मक स्थिति के कारण बारिश में होने वाली कमी की काफी हद तक भरपाई होने की उम्मीद है।
सामान्य से कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने इस वर्ष महाराष्ट्र में सामान्य से लगभग 92 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके बावजूद शुरुआती मानसून के अच्छे रहने की संभावना से किसानों और आम लोगों में राहत की उम्मीद बढ़ गई है।


