
नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्र सरकार (Central Government) ने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च में बड़ी बढ़ोतरी की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य खाते (National Health Accounts report) की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी स्वास्थ्य खर्च 2013-14 के 1.30 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2022-23 में 3.85 लाख करोड़ रुपये हो गया। जीडीपी (GDP) में स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। रिपोर्ट में कहा गया कि इलाज पर लोगों की जेब से होने वाला खर्च 64.2 प्रतिशत से घटकर 43.4 प्रतिशत रह गया है। यानी करीब 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं सरकारी स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी बढ़कर 43.7 प्रतिशत हो गई। प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च भी 1,042 रुपये से बढ़कर 2,786 रुपये हो गया है। सरकार का दावा है कि स्वास्थ्य बजट बढ़ने से आम लोगों को राहत मिली है।


