
मुल्लांपुर : (Mullanpur) आईपीएल 2026 (IPL 2026) का रोमांच प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। शुक्रवार को इस संस्करण का दूसरा क्वालिफायर मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Maharaja Yadavindra Singh International Cricket Stadium in Mullanpur) में खेला जाएगा। इस मैच में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी, जो भी टीम मुकाबला जीतेगी फाइनल में प्रवेश कर लेगी और उसका सामना 31 मई यानी रविवार को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
किसका पलड़ा भारी?
राजस्थान के खिलाफ गुजरात का रिकॉर्ड शानदार रहा है। गुजरात को पहले क्वालिफायर में आरसीबी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जबकि राजस्थान ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया। राजस्थान और गुजरात के बीच आईपीएल में अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से सात मुकाबलों में जीत गुजरात के हाथ लगी है, जबकि राजस्थान सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है। गुजरात टाइटंस अपने इस दमदार रिकॉर्ड को दूसरे क्वालिफायर में भी बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Rajasthan Royals’ young batsman, Vaibhav Suryavanshi) इस सीजन में विपक्षी गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी को प्रभावित किया था। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पिछले मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने उन्हें शॉर्ट गेंद पर आउट जरूर किया था, लेकिन उससे पहले वैभव ने उनकी गेंद पर शानदार छक्का भी जड़ा था। कगिसो रबाडा जैसे अनुभवी गेंदबाज भी उनकी बल्लेबाजी के सामने बेअसर नजर आए थे। अब गुजरात के गेंदबाज एक बार फिर शॉर्ट गेंद की रणनीति के साथ उतर सकते हैं, क्योंकि वैभव कुछ मुकाबलों में इसी कमजोरी के चलते विकेट गंवा चुके हैं।
राजस्थान को फिर वैभव और आर्चर से उम्मीद
राजस्थान रॉयल्स की सफलता में वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की बड़ी भूमिका रही है। बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर वैभव खुलकर शॉट खेलना पसंद करते हैं और बड़े गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ नजर आते हैं। वैभव के शानदार फॉर्म के कारण यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन थोड़ा दबा हुआ दिखाई दिया है, हालांकि ध्रुव जुरेल ने तीसरे नंबर पर लगातार उपयोगी पारियां खेली हैं। राजस्थान की टीम अपने संयोजन से संतुष्ट नजर आ रही है और प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना काफी कम मानी जा रही है।
गुजरात के टॉप ऑर्डर पर बड़ी जिम्मेदारी
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी काफी हद तक शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर (Shubman Gill, Sai Sudharsan, and Jos Buttler) पर निर्भर रही है। अगर ये तीनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं तो टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना मुश्किल हो जाता है। साई सुदर्शन ने पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन किया है, लेकिन उनसे शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने की उम्मीद करना आसान नहीं होगा। वहीं अगर राजस्थान बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहता है तो गुजरात के शीर्ष क्रम पर दबाव बढ़ सकता है।
फाइनल का टिकट दांव पर
दोनों टीमों के पास फाइनल में पहुंचने का सुनहरा मौका है। राजस्थान जहां अपने युवा खिलाड़ियों के दम पर आत्मविश्वास से भरी हुई है, वहीं गुजरात अनुभव और संतुलित टीम संयोजन के भरोसे मैदान पर उतरेगी। अब देखना होगा कि फाइनल में आरसीबी का सामना करने का मौका किस टीम को मिलता है।
================
टीमें :
गुजरात टाइटंस
शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव।
राजस्थान रॉयल्स
रियान पराग (कप्तान), अमन राव, शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (विकेटकीपर), रवि सिंह, वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, ब्रिजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, केवेना मफाका, एडम मिल्ने, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, यशराज पुंजा, युद्धवीर सिंह।


