
लखनऊ : (Lucknow) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav) ने सीबीएसई परीक्षा विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है और सरकार जवाबदेही से बच रही है।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कॉपियों की दोबारा जांच की मांग से भी छात्रों को न्याय मिलने की उम्मीद कम है, क्योंकि “घपला करने वाला सिस्टम वही है।” (“the very system responsible for the scam remains unchanged”) उन्होंने लिखा कि न कोई जिम्मेदारी ले रहा है और न ही कोई इस्तीफा दे रहा है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि शिक्षा से जुड़े मामलों पर कब्जा जमाने वाले लोग विवाद सामने आने के बाद “अंडरग्राउंड” हो गए हैं।
‘नो मोर भाजपा’ का दिया नारा
सपा अध्यक्ष ने युवाओं का जिक्र करते हुए “नो मोर भाजपा” (No More BJP) का नारा भी दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले देश के वर्तमान और भविष्य दोनों के साथ अन्याय कर रहे हैं। अखिलेश ने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाते हुए नैतिकता की बात करने वालों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
भाजपा विधायक भी कर रहे शिकायत
इससे पहले बुधवार को भी अखिलेश यादव ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने बिजली संकट, सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनाती और भाजपा विधायकों-सांसदों द्वारा अपनी ही सरकार के खिलाफ शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा था कि जनता अगले चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।


