
मुंबई : (Mumbai) मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (Mumbai International Film Festival) (MIFF) 2026 के 19वें संस्करण में इस बार फिल्म निर्माण से जुड़ी खास कार्यशाला श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 16 जून से 20 जून तक रोजाना शाम 4:15 बजे से 5:45 बजे तक होने वाली इन वर्कशॉप्स में भारतीय फिल्म और कंटेंट इंडस्ट्री (Indian film and content industry) के कई जाने-माने फिल्मकार और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य फिल्म छात्रों, नए क्रिएटर्स और सिनेमा प्रेमियों को अनुभवी कलाकारों से सीखने का अवसर देना है।
वर्कशॉप श्रृंखला की शुरुआत 16 जून को स्क्रीनराइटर बिप्लब गोस्वामी के सत्र से होगी, जिन्होंने चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ (Laapataa Ladies) की कहानी लिखी थी। वह स्क्रीनराइटिंग, कहानी कहने की कला और दमदार किरदार गढ़ने की प्रक्रिया पर चर्चा करेंगे। इसके बाद 17 और 18 जून को कान्स विजेता सिनेमैटोग्राफर मोधुरा पालित सिनेमैटोग्राफी और विजुअल स्टोरीटेलिंग पर सत्र लेंगी, जबकि वरिष्ठ एडिटर दीपा भाटिया फिल्म एडिटिंग और स्क्रीन पर कहानी को आकार देने के अनुभव साझा करेंगी।
19 जून को फिल्मकार संजीव सिवन (filmmaker Sanjeev Sivan) फिल्म निर्माण पर आधारित वर्कशॉप का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने 75 से अधिक डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्देशन किया है। वहीं, 20 जून को कार्यशाला श्रृंखला का समापन कंटेंट क्रिएशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर होगा, जिसे आनंद पांडे संबोधित करेंगे। इस मौके पर एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम (Prakash Magdum) ने कहा कि यह पहल युवा फिल्मकारों और रचनाकारों को देश के अनुभवी विशेषज्ञों से सीधे सीखने का व्यावहारिक मंच प्रदान करेगी।


