
10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
मुंबई : (Mumbai) मुंबई में 28 मई 2026 को बकरीद (festival of Eid al-Adha) (Bakrid) का त्योहार पूरे उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। संवेदनशील इलाकों, मस्जिदों, दरगाहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मुंबई पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन और संयुक्त पुलिस आयुक्त (Law and Order) की निगरानी में विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहरभर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मुंबई पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 8 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 21 पुलिस उपायुक्त, 61 सहायक पुलिस आयुक्त, 1980 पुलिस अधिकारी और 10,110 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसआरपीएफ, दंगा नियंत्रण पथक, क्विक रिस्पॉन्स टीम, डेल्टा फोर्स, कॉम्बैट यूनिट और होमगार्ड्स भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
पुलिस प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बंदोबस्त किया गया है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, तनाव या अप्रिय घटना से निपटने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।


