
ठाणे : (Thane) महानगरपालिका क्षेत्र में 16 मई से घरों की गणना का अभियान शुरू हो चुका है। गणनाकर्मी हर घर तक पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं। मनपा आयुक्त सौरभ राव (Municipal Commissioner Saurabh Rao) ने विभिन्न प्रभाग समितियों में चल रही घरों की गणना प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 14 जून 2026 तक शत-प्रतिशत घरों की गणना पूरी की जाएगी और कोई भी घर सर्वे से बाहर नहीं रहना चाहिए। समीक्षा बैठक में आयुक्त ने संबंधित सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि तय समय सीमा में काम पूरा हो सके। बैठक में उप आयुक्त जी.जी. गोदापुरे, मधुकर बोडके, दिनेश तायडे, दीपक जिंजड़, डॉ. मिताली संचेती सहित सभी प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्त और कार्यकारी अभियंता मौजूद रहे।
ठाणे में बनाए गए 5284 हाउस ग्रुप
मनपा प्रशासन के अनुसार ठाणे शहर की नौ प्रभाग समितियों के अंतर्गत 5284 हाउस ग्रुप बनाए गए हैं। इनके तहत करीब 7 लाख 34 हजार 496 घरों की गणना की जा रही है। उप आयुक्त मधुकर बोडके (Deputy Commissioner Madhukar Bodke) ने बताया कि इस अभियान के लिए 5323 गणनाकर्मी और 852 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। मनपा क्षेत्र में अब तक करीब 40 प्रतिशत घरों की गणना पूरी हो चुकी है। प्रशासन ने 30 मई 2026 तक 70 प्रतिशत काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। आयुक्त सौरभ राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी वार्ड में तकनीकी या कर्मचारियों से जुड़ी समस्या आने पर तत्काल समाधान किया जाए। आयुक्त सौरभ राव ने कहा कि घरों की गणना एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है और इसमें हर घर का सही रिकॉर्ड रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों से पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ काम करने की अपील की और अब तक हुए कार्य पर संतोष भी व्यक्त किया।


