
रेलवे ने टाली रेट बढ़ोतरी
नई दिल्ली : (New Delhi) रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले वड़ा पाव, समोसा, डोसा और पाव भाजी जैसे खाद्य पदार्थों की कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को फिलहाल टाल दिया गया है। सेंट्रल रेलवे (Central Railway) ने नई दरें लागू करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। पहले जारी प्रस्तावित रेट सूची के अनुसार नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू होने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि अब यात्रियों को तुरंत महंगाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रस्तावित नई कीमतों में क्या था शामिल
रेलवे द्वारा पूर्व में जारी की गई प्रस्तावित रेट लिस्ट के मुताबिक 50 ग्राम बटाटा वड़ा 15 रुपये में मिलने वाला था, जबकि उसके साथ दिया जाने वाला पाव अलग से पांच रुपये का तय किया गया था। जबकि वेज समोसा, वेज पफ और साबूदाना वड़ा की कीमत 20-20 रुपये प्रस्तावित थी। हालांकि फिलहाल इन नई दरों को लागू करने पर रोक लगा दी गई है।
डोसा, इडली और पाव भाजी भी होने वाले थे महंगे
मसाला डोसा 35 रुपये, 2 पीस इडली-सांभर और चटनी 30 रुपये में मिलने की बात नई रेट लिस्ट में सामने आई थी। वहीं पाव भाजी और वेज पिज्जा की कीमत 50-50 रुपये तय की गई थी। हालांकि कुछ फूड आइटम्स की कीमतों में कोई बदलाव प्रस्तावित नहीं था। मिसल पाव 35 रुपये, कचौरी 15 रुपये और दाबेली 20 रुपये में ही उपलब्ध रहने वाली थी।
गुणवत्ता सुधारने पर भी रेलवे का जोर
रेलवे ने केवल कीमतों में बदलाव का प्रस्ताव नहीं रखा था, बल्कि खाद्य गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष जोर दिया था। स्टॉल संचालकों को निर्देश दिए गए थे कि नई रेट सूची हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।
ओवरचार्जिंग पर कार्रवाई की चेतावनी
रेलवे प्रशासन ने साफ कहा था कि तय कीमत से अधिक वसूली करने वाले स्टॉल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित जांच भी की जाएगी।


