
ओस्लो : (Oslo) भारतीयों के लिए नॉर्वे शतरंज का दूसरा दिन निराशाजनक रहा। इसमें विश्व चैंपियन डी गुकेश (World Champion D. Gukesh) ने आर्मागेडन दौर में वेस्ली सो (Wesley So) के सामने घुटने टेक दिए तो आर प्रज्ञाननंदा को शानदार फॉर्म में चल रहे फ्रांसीसी खिलाड़ी अलीरेजा फिरोजा से हार मिली।
फिरोजा शीर्ष पर
फिरोजा ने लगातार दो जीत से छह अंक से टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। गत चैंपियन मैग्नस कार्लसन (Magnus Carlsen) को फिर जर्मन के विंसेंट कीमर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन सात बार के चैंपियन ने आखिरकार आर्मागेडन में जीत हासिल कर ली।
गुकेश और प्रज्ञाननंदा का प्रदर्शन
दूसरे दौर के आर्मागेडन दौर में निराशाजनक नतीजे के बावजूद गुकेश 2.5 अंक से वेस्ली सो के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने रहे। प्रज्ञाननंदा और कार्लसन (Praggnanandhaa and Carlsen) जैसे दिग्गज इस टूर्नामेंट में 1.5-1.5 अंक के साथ सबसे निचले पायदान पर हैं।
प्रज्ञान ने बढ़त गंवाई
प्रज्ञाननंदा शुरुआत में फिरोजा के खिलाफ जीत की ओर बढ़ते दिख रहे थे। लेकिन टखने की चोट से जूझ रहे फिरोजा ने जबरदस्त हिम्मत और कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच का पासा पलटते हुए भारतीय खिलाड़ी को आश्चर्यजनक रूप से आसानी से हरा दिया। गुकेश मैराथन क्लासिकल मुकाबले में दबाव बनाए हुए थे लेकिन सो किसी तरह 116 चाल में मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रहे। फिर अमेरिकी खिलाड़ी ने आर्मागेडन में भारतीय को पछाड़ दिया।
महिलाओं की स्पर्धा
महिलाओं की स्पर्धा में दिव्या देशमुख (Divya Deshmukh) ने पिछले साल के महिला विश्व कप में दो बार की विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी पर अपनी यादगार जीत की तरह ही फिर आर्मागेडन दौर में इस अनुभवी भारतीय को मात दी। इस जीत से वह तीन अंक के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। कजाखस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा (Kazakhstan’s Bibisara Assaubayeva) 4.5 अंक के साथ शीर्ष पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।


